बिग ब्रेकिंग–रामनगर में हाई–प्रोफाइल पार्टी पर पुलिस का बड़ा एक्शन: कथित सेक्स रैकेट का पर्दाफाश, 51 गिरफ्तार, रिसॉर्ट सील…
रामनगर/नैनीताल। नैनीताल पुलिस ने रामनगर स्थित एक बड़े रिसॉर्ट में कथित हाई-प्रोफाइल सेक्स रैकेट और अवैध गतिविधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 51 लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि-विवादित किशोर को संरक्षण में लिया गया है। पुलिस के अनुसार मौके से 10 महिलाओं को मुक्त कराया गया, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है। कार्रवाई के बाद रिसॉर्ट को भी सील कर दिया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU), एसओजी और रामनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने 4 जुलाई को यह छापेमारी की। पुलिस के मुताबिक मुखबिर से सूचना मिलने के बाद टीम ने रिसॉर्ट पर दबिश दी, जहां कथित रूप से अनैतिक गतिविधियां संचालित की जा रही थीं।
पुलिस का दावा है कि छापेमारी के दौरान कुछ लोग महिलाओं के साथ कथित अनैतिक गतिविधियों, शराब और नशे की पार्टी, अश्लील नृत्य तथा नोट उड़ाने जैसी हरकतों में शामिल पाए गए। मामले में विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है, जिनमें अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम, पॉक्सो अधिनियम, आबकारी अधिनियम और किशोर न्याय अधिनियम की धाराएं शामिल हैं।
प्रारंभिक जांच में पुलिस के अनुसार मुख्य आयोजक ने कथित तौर पर अपनी कंपनी से जुड़े लोगों के मनोरंजन के उद्देश्य से कार्यक्रम आयोजित करने की बात स्वीकार की है। जांच में यह भी सामने आया कि रिसॉर्ट प्रबंधन से शराब, महिलाओं और कथित “एक्स्ट्रा सर्विस” की व्यवस्था को लेकर संपर्क किया गया था। पुलिस का कहना है कि रिसॉर्ट के कर्मचारियों को आगंतुकों की एंट्री रजिस्टर में दर्ज न करने के निर्देश भी दिए गए थे।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तीन पेटी शराब, एक पेटी बीयर, नकली नोटों की गड्डियां, मोबाइल फोन, लैपटॉप, आपत्तिजनक सामग्री और कार्यक्रम में इस्तेमाल किया गया म्यूजिक सिस्टम बरामद करने का दावा किया है।
पुलिस के अनुसार मामले में रिसॉर्ट का जनरल मैनेजर फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। इस कार्रवाई को सफलतापूर्वक अंजाम देने वाली टीम को एसएसपी नैनीताल द्वारा पुरस्कृत भी किया गया है। मामले की जांच जारी है और पुलिस अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।
