उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय का 11वां दीक्षांत समारोह: 14,857 विद्यार्थियों को मिली उपाधि, 36 मेधावियों को स्वर्ण पदक से नवाजा…

FB_IMG_1795059391167
खबर शेयर करें -

 

 

राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने आठ शोधार्थियों को प्रदान की पीएचडी की उपाधि, अश्वनी लोहनी को मानद उपाधि से किया सम्मानित

 

हल्द्वानी। उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय, हल्द्वानी का 11वां दीक्षांत समारोह बुधवार को गरिमामय एवं भव्य वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में प्रदेश के राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस दौरान शैक्षणिक सत्र 2025-26 में विभिन्न पाठ्यक्रमों में अध्ययन पूर्ण करने वाले 14,857 शिक्षार्थियों को डिजिलॉकर के माध्यम से उपाधियां प्रदान की गईं। वहीं, आठ शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि तथा 36 मेधावी विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक देकर सम्मानित किया गया।

 

समारोह में प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत विशिष्ट अतिथि तथा राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद (NAAC) की कार्यकारी समिति के अध्यक्ष एवं विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. नागेश्वर राव विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर भारतीय रेल सेवा के 1980 बैच के सेवानिवृत्त अधिकारी एवं प्रख्यात प्रशासनिक विशेषज्ञ अश्वनी लोहनी को उनके उल्लेखनीय प्रशासनिक, प्रबंधकीय एवं व्यावसायिक योगदान के लिए मानद उपाधि प्रदान की गई।

 

समारोह का शुभारंभ विश्वविद्यालय परिसर में स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा के अनावरण के साथ हुआ। राज्यपाल एवं अन्य अतिथियों ने प्रतिमा का अनावरण करने के बाद विश्वविद्यालय की शौर्य दीवार पर पुष्प अर्पित कर देश के वीर सपूतों को श्रद्धांजलि दी।

 

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए विश्वविद्यालय की वार्षिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय अपनी स्थापना के 21 वर्ष पूरे कर चुका है और वर्तमान में आठ क्षेत्रीय केंद्रों एवं 144 अध्ययन केंद्रों के माध्यम से उच्च शिक्षा का विस्तार कर रहा है। विश्वविद्यालय में कुल 94 शैक्षणिक कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इस वर्ष हरिद्वार में नया क्षेत्रीय कार्यालय भी स्थापित किया गया है।

यह भी पढ़ें:  ऑपरेशन प्रहार में नैनीताल पुलिस की बड़ी कार्रवाई, न्यायालय से जारी वारंट पर वांछित वारंटी मनिंदर सिंह गिरफ्तार...

 

कुलपति ने बताया कि विश्वविद्यालय ने शिक्षा को आमजन तक पहुंचाने के लिए कई महत्वपूर्ण पहल की हैं। डिप्लोमा इन भगवद्गीता स्टडीज, मानवाधिकार प्रमाण-पत्र तथा कुमाऊंनी, गढ़वाली, नेपाली एवं जापानी भाषा के पाठ्यक्रम भी संचालित किए जा रहे हैं। इसके अलावा 231 जन-जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से 22,261 लोगों तक पहुंच बनाई गई, जबकि एक लाख दस हजार से अधिक पुस्तकें निःशुल्क वितरित की गईं। सैन्य प्रतिष्ठानों एवं कारागारों में पांच विशेष अध्ययन केंद्र स्थापित किए गए हैं। विश्वविद्यालय द्वारा गोद लिए गए आठ गांवों में ‘गांव गौरव’ एवं ‘उच्च शिक्षा आपके द्वार’ कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।

 

 

दीक्षांत समारोह में विभिन्न स्नातक एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 36 विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक प्रदान किए गए। इनमें 30 विश्वविद्यालय स्वर्ण पदक, दो कुलाधिपति स्वर्ण पदक और चार अन्य श्रेणियों के स्वर्ण पदक शामिल रहे। इसके अतिरिक्त विशेष शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए तनुजा चुफाल को कल्याण भवति समिति पदक के लिए चयनित किया गया।

 

पीएचडी की उपाधि प्राप्त करने वालों में किरण कुमार, प्रवीण लखेड़ा, प्रीती वर्मा, हिमानी तिवारी पाण्डेय, राधा, अंकुर मित्तल, दीपक सोराड़ी एवं मयूर बघरवाल शामिल रहे। राज्यपाल ने मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए उन्हें राष्ट्र एवं समाज के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प भी दिलाया।

 

 

समारोह में अश्वनी लोहनी को मानद उपाधि प्रदान करना भी प्रमुख आकर्षण रहा। लोहनी भारतीय रेल बोर्ड के अध्यक्ष, एयर इंडिया के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक तथा भारतीय पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक जैसे महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। विश्व की सबसे पुरानी चालू भाप इंजन रेलगाड़ी ‘फेयरी क्वीन’ के पुनरुद्धार एवं संचालन में उनके योगदान के लिए उनका नाम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज है। वर्तमान में वह नई दिल्ली स्थित प्रधानमंत्री संग्रहालय एवं पुस्तकालय सोसाइटी के निदेशक हैं।

यह भी पढ़ें:  कुमाऊं में पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल: IG निवेदिता कुकरेती ने 29 इंस्पेक्टरों के किए तबादले, ऊधमसिंह नगर से 12 अधिकारियों की पहाड़ में तैनाती...

 

 

उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि शिक्षा केवल रोजगार प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्ति, समाज और राष्ट्र के समग्र विकास का आधार है। उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के उद्देश्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार उच्च शिक्षा में गुणवत्ता, शोध, नवाचार और रोजगारपरक शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने विद्यार्थियों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता, ड्रोन तकनीक, डेटा साइंस एवं साइबर सुरक्षा जैसे उभरते क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। साथ ही युवाओं से नौकरी तलाशने के बजाय रोजगार सृजन करने वाला बनने का आह्वान किया।

 

वहीं, प्रो. नागेश्वर राव ने मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा को उच्च शिक्षा की महत्वपूर्ण पद्धति बताते हुए कहा कि इसका उद्देश्य शिक्षा को सर्वसुलभ एवं लोकतांत्रिक बनाना है। उन्होंने विश्वविद्यालय की सामाजिक एवं शैक्षणिक पहलों की सराहना करते हुए विद्यार्थियों से आजीवन सीखने और अपने ज्ञान को राष्ट्र के विकास से जोड़ने की अपील की।

 

अपने अध्यक्षीय संबोधन में राज्यपाल एवं कुलाधिपति डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने उपाधि प्राप्त करने वाले सभी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि दीक्षांत समारोह केवल डिग्री हासिल करने का अवसर नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति नई जिम्मेदारियों की शुरुआत है। शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य केवल उपाधि प्राप्त करना नहीं, बल्कि व्यक्ति के चरित्र, चिंतन और व्यवहार को बेहतर बनाना भी है।

यह भी पढ़ें:  जनगणना में सहभागिता की मिसाल बने कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत, खुद भरा ऑनलाइन स्व-गणना फॉर्म...

 

उन्होंने मुक्त विश्वविद्यालय की ओर से पर्वतीय एवं दुर्गम क्षेत्रों, महिलाओं, कामकाजी लोगों, सैनिकों और शिक्षा से वंचित वर्गों तक उच्च शिक्षा पहुंचाने के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि आधुनिक दौर में कृत्रिम बुद्धिमत्ता एवं डिजिटल तकनीक के साथ कदमताल करना जरूरी है, लेकिन तकनीकी प्रगति मानवीय विवेक, नैतिकता और संवेदनशीलता के अनुरूप होनी चाहिए।

 

राज्यपाल ने उत्तराखण्ड में पलायन की समस्या पर भी विचार रखते हुए कहा कि स्थानीय स्तर पर शिक्षा, कौशल और रोजगार के अवसर विकसित करके इस चुनौती का समाधान किया जा सकता है। पर्यटन, होमस्टे, जैविक कृषि, उद्यानिकी, योग, आयुर्वेद एवं स्थानीय उत्पादों में रोजगार और उद्यमिता की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने युवाओं से पर्यावरण संरक्षण, जल संचय और प्राकृतिक संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग में योगदान देने का आह्वान किया।

 

समारोह के दौरान विश्वविद्यालय की पत्रिका ‘उड़ान’ का विमोचन किया गया। शैक्षणिक एवं शोध कार्यों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले प्राध्यापकों को सम्मानित भी किया गया। वहीं, संगीत विभाग की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिन्होंने समारोह की गरिमा को और बढ़ाया।

 

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के अधिकारी, विभिन्न विद्याशाखाओं के निदेशक, प्राध्यापक, कर्मचारी, शोधार्थी, विद्यार्थी एवं उनके परिजन बड़ी संख्या में मौजूद रहे। कुल मिलाकर विश्वविद्यालय का 11वां दीक्षांत समारोह शैक्षणिक उपलब्धियों के सम्मान के साथ-साथ उच्च शिक्षा के विस्तार, शोध, नवाचार और सामाजिक सरोकारों के प्रति संस्थान की प्रतिबद्धता का महत्वपूर्ण अवसर बना।

Ad Ad