बिग ब्रेकिंग–अब बिना हेलमेट नहीं मिलेगा पेट्रोल, नैनीताल प्रशासन का बड़ा फैसला, एंट्री प्वाइंट पर भी सख्ती शुरू…
नैनीताल। सड़क हादसों में कमी लाने और दोपहिया वाहन चालकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए नैनीताल जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। जिले में अब ‘नो हेलमेट-नो पेट्रोल’ नियम प्रभावी रूप से लागू कर दिया गया है। इसके तहत बिना हेलमेट पहनकर पेट्रोल पंप पर पहुंचने वाले दोपहिया वाहन चालकों को पेट्रोल नहीं दिया जाएगा।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा) अरविंद पांडे ने इस व्यवस्था को लागू कराने के लिए संबंधित विभागों को निर्देश जारी किए हैं। इसके बाद जिले के विभिन्न पेट्रोल पंपों पर इस नियम का पालन शुरू हो गया है। लोगों को जागरूक करने के लिए पेट्रोल पंपों पर ‘नो हेलमेट-नो पेट्रोल’ के सूचना बोर्ड भी लगाए गए हैं।
इतना ही नहीं, जिले के सभी प्रमुख प्रवेश मार्गों पर टैक्सी और बाइक रेंटल से जुड़े नियमों एवं प्रतिबंधों की जानकारी देने वाले बोर्ड भी स्थापित किए गए हैं। इनका उद्देश्य बाहरी पर्यटकों और वाहन चालकों को पहले से आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े और यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
परिवहन विभाग के अनुसार, हाल के वर्षों में दोपहिया वाहन दुर्घटनाओं में हुई मौतों और गंभीर चोटों के अधिकांश मामलों में हेलमेट का उपयोग न करना प्रमुख कारण पाया गया है। इसी को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान किसी को दंडित करने के लिए नहीं, बल्कि लोगों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने, हेलमेट पहनने की आदत विकसित करने और दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को कम करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।
