बिग ब्रेकिंग–धारी में जन समस्याओं पर एक्शन मोड में दिखे मंत्री राम सिंह कैड़ा, अधिकारियों को मौके पर दिए समाधान के निर्देश…

भीमताल। प्रदेश के शहरी विकास मंत्री एवं भीमताल विधायक राम सिंह कैड़ा ने गुरुवार को धारी ब्लॉक का दौरा कर भाजपा युवा मोर्चा द्वारा आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में ग्रामीणों और भाजपा पदाधिकारियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान बिजली, पेयजल, सड़क, स्वास्थ्य समेत विभिन्न जनसुविधाओं से जुड़ी समस्याएं प्रमुखता से उठाई गईं।
ग्रामीणों की समस्याएं सुनने के बाद मंत्री राम सिंह कैड़ा ने संबंधित विभागों के अधिकारियों से तत्काल फोन पर बातचीत कर समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
मंत्री कैड़ा ने कहा कि जिन गांवों तक अब तक सड़क सुविधा नहीं पहुंची है, उन्हें प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) फेज-4 में शामिल कर प्रस्ताव भारत सरकार को भेज दिए गए हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि जल्द ही इन प्रस्तावों को स्वीकृति मिलेगी और सड़क निर्माण कार्य शुरू होंगे, जिससे दूरस्थ गांवों को बेहतर संपर्क सुविधा मिल सकेगी।
उन्होंने भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है। कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दें और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने का कार्य करें।
मंत्री कैड़ा ने कहा कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास और जनता की प्रत्येक समस्या के समाधान के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। विकास कार्यों को गति देने के साथ-साथ जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा युवा मोर्चा के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय ग्रामीणों ने मंत्री राम सिंह कैड़ा का फूल-मालाओं से स्वागत कर उनका आभार व्यक्त किया।
