बिग ब्रेकिंग–भीमताल से युवाओं को बड़ा तोहफा: मुख्यमंत्री धामी ने ग्राफिक एरा में नए अकादमिक ब्लॉक का किया उद्घाटन, गरीब मेधावी छात्रों के लिए मुफ्त प्रोफेशनल कोर्स शुरू…

0
FB_IMG_1783178902237
खबर शेयर करें -

 

भीमताल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को नैनीताल जिले के भीमताल स्थित ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी में नवनिर्मित अकादमिक ब्लॉक और अत्याधुनिक ऑडिटोरियम का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने ग्राफिक एरा कौशल ज्योति योजना के तहत आर्थिक रूप से कमजोर एवं प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क प्रोफेशनल पाठ्यक्रमों का शुभारंभ किया। साथ ही संस्थान के मेधावी छात्र-छात्राओं और ग्राफिक एरा कौशल छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत निःशुल्क सर्टिफिकेट कोर्स कर रहे विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया।

 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अवसर उनके लिए विशेष महत्व का है, क्योंकि उत्तराखंड सरकार ने सेवा, सुशासन और विकास के पाँच वर्ष सफलतापूर्वक पूरे किए हैं। उन्होंने कहा कि इन वर्षों में शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत संरचना, रोजगार और युवाओं के सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए राज्य को विकास की नई ऊँचाइयों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी राज्य का भविष्य केवल सड़कों और इमारतों से नहीं, बल्कि उसके विद्यालयों, विश्वविद्यालयों और युवाओं के सपनों से तय होता है। उन्होंने ग्राफिक एरा की शिक्षा, शोध, नवाचार और कौशल विकास के क्षेत्र में उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि संस्थान ने यह साबित किया है कि दूरदृष्टि, गुणवत्ता और संकल्प के बल पर उत्तराखंड जैसा पर्वतीय राज्य भी विश्वस्तरीय शिक्षा का केंद्र बन सकता है।

यह भी पढ़ें:  बिग ब्रेकिंग–ग्रामीण विकास को मिली नई रफ्तार: जिला पंचायत नैनीताल ने 14 करोड़ का बजट किया मंजूर, कई बड़े फैसलों पर लगी मुहर...

 

उन्होंने कहा कि नया अकादमिक ब्लॉक और आधुनिक ऑडिटोरियम विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के साथ शोध, नवाचार और रचनात्मक सोच को नई गति देगा। भीमताल में ग्राफिक एरा परिसर की स्थापना को उन्होंने पर्वतीय क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाने की दिशा में समावेशी विकास का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।

 

मुख्यमंत्री ने आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क होटल मैनेजमेंट और इंजीनियरिंग डिप्लोमा पाठ्यक्रम शुरू करने की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा तभी सार्थक है, जब उसका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने यह भी बताया कि कुमाऊँ मंडल में ग्राफिक एरा मेडिकल कॉलेज एवं चिकित्सालय की स्थापना की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं के साथ रोजगार और उच्च शिक्षा के नए अवसर उपलब्ध होंगे।

यह भी पढ़ें:  बिग ब्रेकिंग–ग्रामीण विकास को मिली नई रफ्तार: जिला पंचायत नैनीताल ने 14 करोड़ का बजट किया मंजूर, कई बड़े फैसलों पर लगी मुहर...

 

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार नई शिक्षा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ विश्वविद्यालयों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग, डेटा साइंस और अन्य उभरती तकनीकों से जुड़े आधुनिक पाठ्यक्रमों को बढ़ावा दे रही है। देहरादून में साइंस सिटी, हल्द्वानी में एस्ट्रो पार्क और अल्मोड़ा में साइंस सेंटर जैसे संस्थानों के माध्यम से वैज्ञानिक सोच और अनुसंधान की संस्कृति को भी मजबूत किया जा रहा है।

 

छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बदलते वैश्विक दौर में वही युवा आगे बढ़ेगा, जो लगातार सीखने, नवाचार करने और नई परिस्थितियों के अनुरूप खुद को ढालने की क्षमता रखेगा। उन्होंने युवाओं से केवल डिग्री हासिल करने तक सीमित न रहकर नेतृत्व क्षमता, सामाजिक उत्तरदायित्व और उद्यमिता की भावना विकसित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य उत्तराखंड के युवाओं को रोजगार तलाशने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनाना है। इसी उद्देश्य से स्टार्टअप, नवाचार और उद्यमिता को लगातार प्रोत्साहित किया जा रहा है।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए उत्तराखंड में देश का सबसे कठोर नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। इसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं और पिछले पाँच वर्षों में 33 हजार से अधिक युवाओं को पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ सरकारी सेवाओं में नियुक्ति मिली है।

यह भी पढ़ें:  बिग ब्रेकिंग–ग्रामीण विकास को मिली नई रफ्तार: जिला पंचायत नैनीताल ने 14 करोड़ का बजट किया मंजूर, कई बड़े फैसलों पर लगी मुहर...

 

कार्यक्रम के दौरान धामी सरकार के पाँच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में ग्राफिक एरा परिवार की ओर से केक भी काटा गया।

 

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक सरिता आर्या, विधायक प्रताप सिंह बिष्ट, राज्य मंत्री (दर्जा प्राप्त) डॉ. अनिल कपूर डब्बू, ध्रुव रौतेला, शंकर कोरंगा, दिनेश आर्या, शांति मेहरा, हुकुम सिंह कुंवर, देवेन्द्र सिंह ढेला, ब्लॉक प्रमुख हरीश बिष्ट, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी., मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द कुमार पाण्डे, ग्राफिक एरा ग्रुप के चेयरमैन प्रो. कमल घनशाला, निदेशक अनिल कुमार नायर, ओबीसी आयोग के सदस्य डॉ. ज़ेड. ए. वारसी, प्रकाश आर्य सहित अनेक जनप्रतिनिधि, संस्थान के पदाधिकारी, शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Ad Ad Ad

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *