लंबित विवेचनाओं पर एसपी सिटी का शिकंजा, 60–90 दिन पुराने मामलों के जल्द निस्तारण के निर्देश…
हल्द्वानी। लंबित विवेचनाओं के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण को लेकर पुलिस अधीक्षक नगर हल्द्वानी हरबंस सिंह ने सर्किल के समस्त विवेचकों के साथ आदेश कक्ष में समीक्षा बैठक की। बैठक वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशों के क्रम में आयोजित की गई।
समीक्षा बैठक में कोतवाली हल्द्वानी, काठगोदाम, मुखानी और बनभूलपुरा के विवेचक भौतिक रूप से मौजूद रहे। वहीं रामनगर, लालकुआं, कालाढूंगी और चोरगलिया क्षेत्र के प्रभारी एवं विवेचक तथा संबंधित क्षेत्राधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
बैठक के दौरान विशेष रूप से 60 दिवस एवं 90 दिवस से लंबित विवेचनाओं की समीक्षा की गई। एसपी सिटी ने प्रत्येक लंबित विवेचना की प्रगति की जानकारी लेते हुए संबंधित विवेचकों को मामलों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि विवेचनाओं में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न हो। साक्ष्यों का समयबद्ध संकलन, आवश्यक विधिक कार्रवाई और विवेचना की सभी प्रक्रियाएं निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी की जाएं।
एसपी सिटी हरबंस सिंह ने कहा कि लंबित विवेचनाओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करना पुलिस की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। इसका उद्देश्य पीड़ितों को समय पर न्याय दिलाना और विवेचना की गुणवत्ता को बेहतर बनाए रखना है।
बैठक में अधिकारियों ने लंबित मामलों की प्रगति को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

