बिग ब्रेकिंग–65 लाख की स्मैक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, लालकुआं में SOG–पुलिस की संयुक्त कार्रवाई…
लालकुआं। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नैनीताल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लालकुआं पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान 218.04 ग्राम स्मैक के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत करीब 65.40 लाख रुपये है। आरोपियों के कब्जे से तस्करी में प्रयुक्त अल्टो कार संख्या UP24-H-4787 भी बरामद की गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में जनपद में नशे की तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चन्द्र, एसपी हल्द्वानी हरबंस सिंह और क्षेत्राधिकारी लालकुआं विमल प्रसाद के पर्यवेक्षण में लालकुआं पुलिस एवं एसओजी टीम ने संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग शुरू की।
6 अक्टूबर 2026 को सुभाष नगर बैरियर के पास चेकिंग के दौरान टीम ने एक अल्टो कार को रोककर तलाशी ली। तलाशी में कार सवार दो व्यक्तियों के कब्जे से कुल 218.04 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने दोनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नदीम खान उर्फ गण्ठा (36) निवासी सिरौली कला, थाना पुलभट्टा, ऊधमसिंह नगर तथा मो. शफीक उर्फ शफी (51) निवासी मोहम्मदपुर, थाना बहेड़ी, जिला बरेली के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार नदीम खान ट्रक चालक है, जबकि मो. शफीक बनभूलपुरा क्षेत्र में दर्जी का काम करता है।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे स्मैक बहेड़ी से खरीदकर ला रहे थे। पुलिस ने मामले में कोतवाली लालकुआं में धारा 8/21/60/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और स्मैक की सप्लाई के स्रोत का पता लगाने के लिए आगे की जांच कर रही है। आरोपियों के पूर्व आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक वंदना चौहान, हेड कांस्टेबल आनंदपुरी, कांस्टेबल दिलीप कुमार तथा एसओजी से हेड कांस्टेबल कुंदन कठायत, कांस्टेबल भूपेंद्र जेष्ठा और कांस्टेबल भानू प्रताप शामिल रहे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल ने संयुक्त टीम की कार्रवाई की सराहना करते हुए गिरफ्तारी टीम को 2,000 रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है।

