कैंचीधाम में वीकेंड की भीड़ को लेकर प्रशासन अलर्ट, दीपक रावत ने दिए यातायात–पार्किंग व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश…

FB_IMG_1791341273060
खबर शेयर करें -

 

नैनीताल। कैंचीधाम में वीकेंड के दौरान बढ़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने यातायात, पार्किंग और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को जिला विकास प्राधिकरण सभागार नैनीताल में आयुक्त कुमाऊं एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की और जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

 

आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वीकेंड पर श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए यातायात प्रबंधन को प्रभावी बनाया जाए, ताकि कैंचीधाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे होटल या होम स्टे की अग्रिम बुकिंग कराकर ही कैंचीधाम आएं, जिससे अनावश्यक भीड़ और अव्यवस्था से बचा जा सके।

यह भी पढ़ें:  बिग ब्रेकिंग–65 लाख की स्मैक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, लालकुआं में SOG–पुलिस की संयुक्त कार्रवाई...

 

जिला पर्यटन अधिकारी ने बताया कि जिले में 1019 होम स्टे संचालित हैं, जिनमें लगभग 20 हजार बेड की क्षमता उपलब्ध है। आयुक्त ने सभी उपजिलाधिकारियों, सीओ, एआरटीओ और जिला पर्यटन अधिकारी को आपसी समन्वय से वीकेंड व्यवस्था की लगातार समीक्षा करने के निर्देश दिए।

 

परिवहन विभाग को वीकेंड के दौरान टैक्सी बाइक की नियमित जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही विकास भवन पार्किंग और सेनिटोरियम में परिवहन विभाग के बूथ स्थापित करने को कहा गया है, ताकि यातायात एवं परिवहन संबंधी व्यवस्थाओं की प्रभावी निगरानी हो सके।

 

कैंचीधाम क्षेत्र में ओवररेटिंग पर रोक लगाने के लिए सभी दुकानदारों को खाद्य एवं पेय पदार्थों की रेट लिस्ट प्रमुखता से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए हैं।

यह भी पढ़ें:  नैनीताल में मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन, 6.97 लाख से अधिक मतदाता दर्ज...

 

श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए आयुक्त ने जिलाधिकारी को शिप्रा नदी में श्रद्धालुओं के नहाने पर रोक लगाने के निर्देश दिए। वहीं कैंचीधाम मंदिर समिति को वीकेंड पर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या की निगरानी के लिए हेड काउंट कैमरे लगाने को कहा गया।

 

मंदिर के गेटों को श्रद्धालुओं की आवाजाही के लिए 15 दिन के भीतर स्वचालित रूप से खोलने की व्यवस्था विकसित करने के भी निर्देश दिए गए हैं।

 

बैठक में नैनीताल के बारापत्थर क्षेत्र में वीकेंड पर लगने वाले जाम की समस्या पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने बताया कि टोल पास की कम चौड़ाई के कारण यहां जाम की स्थिति उत्पन्न होती है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने वीकेंड के दौरान जाम की स्थिति न बनने देने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें:  नैनीताल में मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन, 6.97 लाख से अधिक मतदाता दर्ज...

 

आयुक्त ने मंडल की सड़कों को गड्ढामुक्त करने पर भी जोर दिया। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि विभिन्न मार्गों पर डामरीकरण और पैचवर्क का कार्य चल रहा है। आयुक्त ने सभी सड़कों का कार्य प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।

 

बैठक में आईजी कुमाऊं नवेदिता कुकरेती, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसई एनएच मनोहर सिंह, एसई लोनिवि राजेश पंत, आरटीओ (ई) अरविंद पांडे, एडीएम विवेक राय, प्राधिकरण सचिव मनीष कुमार सहित मंदिर समिति, व्यापारी संघ, टैक्सी यूनियन और केमू यूनियन के पदाधिकारी मौजूद रहे।

Ad Ad