नैनीताल में मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन, 6.97 लाख से अधिक मतदाता दर्ज…
नैनीताल। जनपद नैनीताल में 01 जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर चलाए गए विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (SIR) के बाद मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन कर दिया गया है। मंगलवार, 06 अक्टूबर को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की गई।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देशों के क्रम में सिटी मजिस्ट्रेट ए.पी. बाजपेयी ने बताया कि अंतिम प्रकाशन के बाद जनपद नैनीताल में कुल 6,97,547 मतदाता पंजीकृत हैं। अंतिम प्रकाशित मतदाता सूची की प्रतियां संबंधित बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) के पास उपलब्ध करा दी गई हैं।
निर्वाचन प्रक्रिया के तहत मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को भी विधानसभा-वार मतदाता सूचियों की हार्ड कॉपी उपलब्ध कराई गई। इसी क्रम में जिले के सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को संबंधित विधानसभा क्षेत्रों की मतदाता सूची की एक-एक प्रति वितरित की गई।
सिटी मजिस्ट्रेट ए.पी. बाजपेयी ने बताया कि अंतिम प्रकाशन के बाद भी यदि कोई पात्र नागरिक, जिसने 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर ली है और उसका नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, तो वह अपने संबंधित बूथ लेवल अधिकारी से संपर्क कर सकता है। इसके अलावा निर्वाचन आयोग के ऐप अथवा पोर्टल के माध्यम से भी नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन किया जा सकता है।
बैठक में सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी हंसादत्त पांडे सहित भाजपा से मनीष पाल एवं हरिमोहन अरोड़ा, कांग्रेस से संजू उप्रेती, बहुजन समाज पार्टी से जगदीश कुमार, आईएनसी से मनोज शर्मा, शिवसेना से रूपेन्द्र नागर समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

