गांधी और शास्त्री के आदर्श आज भी राष्ट्रसेवा की प्रेरणा: कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने अर्पित किए श्रद्धासुमन…
हल्द्वानी। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर कुमाऊं आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने दोनों महान विभूतियों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने उनके चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए और देश के प्रति उनके अतुलनीय योगदान को याद किया।
इस अवसर पर आयुक्त दीपक रावत ने कहा कि राष्ट्र निर्माण और देश को पराधीनता की बेड़ियों से मुक्त कराने में महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। दोनों महान नेताओं का जीवन, उनके विचार और राष्ट्र के प्रति समर्पण आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और सादगी के सिद्धांत आज भी समाज को सही दिशा दिखाते हैं। वहीं, लाल बहादुर शास्त्री का ऐतिहासिक नारा ‘जय जवान, जय किसान’ देश की सुरक्षा और कृषि क्षेत्र में योगदान देने वाले जवानों एवं किसानों के महत्व को रेखांकित करता है। इन महान विभूतियों के आदर्शों को अपनाकर प्रत्येक नागरिक राष्ट्र की प्रगति और सेवा में अपना योगदान दे सकता है।
कार्यक्रम के दौरान आयुक्त कैंप कार्यालय के समस्त कार्मिकों ने भी महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दोनों महापुरुषों के विचारों का स्मरण करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संदेश दिया।