अगर जा रहे हैं कैंची धाम, तो पहले पढ़ लें यह खबर, 2 से 4 अक्टूबर तक पुलिस का ट्रैफिक प्लान लागू, भीमताल और भवाली में यहां खड़े होंगे वाहन…
हल्द्वानी/नैनीताल। वीकेंड और गांधी जयंती के अवकाश के चलते नैनीताल जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल श्री कैंची धाम में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। इसे देखते हुए नैनीताल पुलिस ने 2 अक्टूबर से 4 अक्टूबर 2026 तक कैंची धाम, भवाली और भीमताल क्षेत्र के लिए विशेष यातायात एवं डायवर्जन प्लान जारी किया है। यह व्यवस्था प्रतिदिन सुबह 6 बजे से रात 8 बजे तक प्रभावी रहेगी।
यातायात पुलिस ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा, जाम से बचाव तथा आपातकालीन सेवाओं के सुचारू संचालन के लिए वाहनों की आवाजाही, पार्किंग और शटल सेवा को लेकर विशेष इंतजाम किए हैं। ऐसे में कैंची धाम जाने की योजना बना रहे लोगों के लिए निर्धारित रूट और पार्किंग व्यवस्था की जानकारी रखना जरूरी है।
भीमताल और भवाली में होगी पार्किंग, शटल से पहुंचेंगे कैंची धाम, हल्द्वानी से भीमताल होकर कैंची धाम जाने वाले श्रद्धालु, बाहरी जनपदों और राज्यों से हल्द्वानी की ओर से भीमताल होते हुए कैंची धाम जाने वाले निजी वाहनों को भीमताल विकास भवन पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा। यहां से श्रद्धालुओं को स्थानीय शटल सेवा अथवा सार्वजनिक परिवहन के माध्यम से भवाली होते हुए कैंची धाम पहुंचाया जाएगा। वापसी में भी शटल सेवा से पार्किंग स्थल तक पहुंचाने की व्यवस्था रहेगी।
नैनीताल और गेठिया की ओर से आने वालों के लिए व्यवस्था, नैनीताल और गेठिया की ओर से कैंची धाम आने वाले श्रद्धालुओं के निजी वाहनों को भवाली स्थित सेनेटोरियम पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा। इसके बाद श्रद्धालु शटल सेवा के माध्यम से मंदिर तक पहुंच सकेंगे। वापसी के लिए भी निर्धारित शटल सेवा उपलब्ध रहेगी।
अल्मोड़ा और रानीखेत से हल्द्वानी आने वाले भारी वाहन, कैंची धाम और भवाली क्षेत्र में यातायात का दबाव कम करने के लिए अल्मोड़ा और रानीखेत की ओर से हल्द्वानी आने वाले भारी वाहनों को क्वारब और खैरना क्षेत्र से आवश्यकतानुसार डायवर्ट किया जाएगा। ऐसे वाहनों को रामगढ़ और मुक्तेश्वर होते हुए हल्द्वानी भेजा जा सकता है।
आवश्यक सेवा वाले भारी वाहनों को मिलेगी अनुमति, हल्द्वानी से पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले आवश्यक सेवाओं से जुड़े भारी वाहनों को निर्धारित मार्ग से आवागमन की अनुमति रहेगी। अन्य भारी वाहनों को यातायात के दबाव के अनुसार भवाली के सेनेटोरियम तिराहे पर रोककर चरणबद्ध तरीके से आगे भेजा जाएगा। जरूरत पड़ने पर रामगढ़ और खुटानी मार्ग का इस्तेमाल किया जा सकेगा।
भवाली से पर्वतीय क्षेत्रों के लिए वैकल्पिक मार्ग, भवाली से पहाड़ जाने वाले वाहन, भवाली से पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले चार पहिया वाहनों को यातायात की स्थिति के अनुसार रामगढ़ और खुटानी मोटर मार्ग से उनके गंतव्य की ओर भेजा जा सकता है।
पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाले चार पहिया वाहनों को जरूरत के अनुसार क्वारब–रामगढ़–नथुवाखान बाईपास मोटर मार्ग से उनके गंतव्य की ओर भेजा जाएगा। अधिक यातायात होने पर वाहनों को चरणबद्ध तरीके से संचालित किया जाएगा।
टैक्सी और पार्किंग को लेकर भी निर्देश, दोपहिया टैक्सी के प्रवेश पर प्रतिबंध, वीकेंड के दौरान कैंची धाम क्षेत्र में दोपहिया टैक्सी वाहनों का अनावश्यक प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
श्रद्धालुओं और पर्यटकों को अपने वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करने होंगे। सड़क किनारे या यातायात बाधित करने वाले स्थानों पर पार्किंग की अनुमति नहीं होगी। भीमताल विकास भवन और भवाली सेनेटोरियम पार्किंग को प्राथमिकता दी जाएगी। इनके भर जाने पर वैकल्पिक पार्किंग के अनुसार वाहनों को डायवर्ट किया जाएगा।
यातायात पुलिस द्वारा एंबुलेंस, अग्निशमन वाहन, पुलिस वाहन और अन्य आवश्यक सेवाओं के लिए निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा। किसी भी आपातकालीन स्थिति में रास्ता खाली कराकर संबंधित वाहनों को प्राथमिकता से गंतव्य तक पहुंचाया जाएगा।
नैनीताल पुलिस के अनुसार, यह यातायात योजना 2 अक्टूबर से 4 अक्टूबर 2026 तक प्रतिदिन सुबह 6 बजे से रात 8 बजे तक प्रभावी रहेगी। श्रद्धालुओं की संख्या और सड़क पर यातायात के दबाव के आधार पर व्यवस्था में आवश्यक बदलाव भी किए जा सकते हैं।
पुलिस की अपील: कैंची धाम जाने वाले श्रद्धालु और पर्यटक यात्रा पर निकलने से पहले निर्धारित रूट, पार्किंग और शटल सेवा की जानकारी अवश्य रखें। यातायात नियमों का पालन करें, सड़क किनारे वाहन खड़े न करें और जाम से बचने के लिए पुलिस के निर्देशों का सहयोग करें, ताकि सभी श्रद्धालु सुगमता से बाबा नीब करौरी महाराज के दर्शन कर सकें।