कुमाऊं में परिवहन और पर्यटन को मिलेगी नई रफ्तार, दीपक रावत की बैठक में जसपुर–टनकपुर बस सेवा को हरी झंडी…
कुमाऊं में परिवहन और पर्यटन को मिलेगी नई रफ्तार, दीपक रावत की बैठक में जसपुर-टनकपुर बस सेवा को हरी झंडी…
जसपुर–फाटो में 10 और कॉर्बेट क्षेत्र में 8 जिप्सियों के संचालन को मंजूरी, मुख्यमंत्री की घोषणा के तहत 24 महिला जिप्सी संचालकों को भी मिलेगा अवसर।
हल्द्वानी। कुमाऊं मंडल में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने और पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। मंडलायुक्त दीपक रावत की अध्यक्षता में सर्किट हाउस में आयोजित संभागीय परिवहन प्राधिकरण की बैठक में बस संचालन, टैक्सी परमिट और पर्यटन क्षेत्रों में जिप्सियों के संचालन से जुड़े कई अहम प्रस्तावों पर निर्णय लिया गया।
बैठक में जसपुर से टनकपुर के बीच उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों के संचालन को सर्वसम्मति से मंजूरी दे दी गई। इस निर्णय से संबंधित क्षेत्रों के यात्रियों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद है।
पर्यटन गतिविधियों को व्यवस्थित करने के उद्देश्य से जसपुर-फाटो रेंज में 10 जिप्सियों के संचालन की अनुमति प्रदान की गई। इसके अलावा, वन विभाग की पूर्व लिखित सहमति के आधार पर जिम कॉर्बेट क्षेत्र में 8 जिप्सियों के संचालन को भी स्वीकृति दी गई।
वहीं, मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप 24 महिला जिप्सी संचालकों को जिप्सी संचालन की अनुमति देने पर भी सहमति बनी। इस पहल से पर्यटन व्यवसाय में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने और उन्हें स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने में मदद मिलने की उम्मीद है।
मंडलायुक्त दीपक रावत ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परिवहन और पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों को परमिट प्राप्त करने में अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। इसके लिए प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और व्यवस्थित बनाया जाए।
उन्होंने कॉर्बेट सहित अन्य पर्यटन क्षेत्रों में जिप्सियों की वास्तविक आवश्यकता का आकलन करने के लिए वन विभाग से विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराने को कहा। इसमें वर्तमान में संचालित जिप्सियों की संख्या और पर्यटकों की आमद के आधार पर जरूरत का आकलन किया जाएगा। इस रिपोर्ट के आधार पर आगामी बैठक में जिप्सियों के संचालन को लेकर आगे की कार्ययोजना तय की जाएगी।
बैठक में विभिन्न नए मार्गों पर बस और टैक्सी परमिट जारी करने से संबंधित प्रस्तावों पर भी विचार-विमर्श किया गया। मंडलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक मार्ग पर यात्रियों की जरूरत, उपलब्ध परिवहन सुविधाओं और वाहनों की मांग का विस्तृत परीक्षण किया जाए। इसके बाद आवश्यकता के अनुरूप परमिट जारी करने की कार्रवाई की जाए।
परिवहन व्यवस्था में अनुशासन बनाए रखने के लिए मंडलायुक्त ने निर्धारित मार्ग से हटकर अथवा स्वीकृत रूट के विपरीत वाहन संचालित करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि परमिट की शर्तों का पालन सुनिश्चित कराया जाए, ताकि यात्रियों को सुरक्षित और व्यवस्थित परिवहन सुविधा मिल सके।
बैठक में प्राधिकरण के सदस्य सुनील शर्मा और ललित सिंह, आरटीओ गुरदेव सिंह, एआरटीओ संदीप शर्मा, विपिन कुमार समेत परिवहन विभाग के अन्य अधिकारी और संबंधित सदस्य मौजूद रहे।
इन फैसलों से एक ओर जहां जसपुर-टनकपुर के बीच बस कनेक्टिविटी को बढ़ावा मिलेगा, वहीं दूसरी ओर कॉर्बेट और फाटो जैसे पर्यटन क्षेत्रों में जिप्सी संचालन तथा महिला उद्यमियों के लिए नए अवसरों का रास्ता भी खुलेगा।