प्रेमी संग मिलकर पति की हत्या, सड़क हादसे का रचा झूठा खेल; 48 घंटे में खुला सनसनीखेज राज…
रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर जिले के प्रतापपुर क्षेत्र में सड़क हादसे के रूप में सामने आई युवक की मौत की घटना का पुलिस ने महज 48 घंटे में सनसनीखेज खुलासा कर दिया। पुलिस जांच में सामने आया कि यह हादसा नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या थी। आरोप है कि मृतक की पत्नी ने अपने किशोर प्रेमी और उसके दोस्त के साथ मिलकर पति को रास्ते से हटाने की साजिश रची थी। हत्या के बाद वारदात को सड़क दुर्घटना का रूप देने का भी प्रयास किया गया।
पुलिस के मुताबिक, 17 अगस्त को प्रतापपुर क्षेत्र में सड़क किनारे धान के खेत में एक शिफ्ट डिजायर कार संदिग्ध परिस्थितियों में खड़ी मिली थी। कार के अंदर एक युवक खून से लथपथ हालत में पड़ा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक की पहचान ग्राम बाजावाला, डकिया नंबर-1, कुंडेश्वरी निवासी संजीव कुमार पुत्र सोमल सिंह के रूप में की।
शुरुआत में मामला सड़क हादसे का प्रतीत हुआ, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने पूरी कहानी बदल दी।
पोस्टमार्टम के दौरान चिकित्सकों के पैनल को शव में गनशॉट इंजरी मिली। इसके बाद पुलिस ने सड़क हादसे की आशंका को दरकिनार करते हुए हत्या के एंगल से जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मृतक की पत्नी निशा समेत उसके परिचितों से पूछताछ शुरू की।
पूछताछ के दौरान पत्नी के बयानों में विरोधाभास सामने आया। इसके बाद पुलिस का शक गहरा गया और मृतक की टेंट की दुकान पर काम करने वाले दो किशोरों से भी पूछताछ की गई।
पुलिस का दावा है कि पूछताछ में दोनों किशोरों ने घटना के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी और मृतक की पत्नी की कथित भूमिका का खुलासा किया। इसके बाद पुलिस ने पत्नी से दोबारा पूछताछ की, जिसमें उसने कथित तौर पर हत्या की साजिश में शामिल होने की बात स्वीकार की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के अनुसार, संजीव कुमार की ग्राम थारी, रामनगर में टेंट की दुकान थी और दोनों किशोर वहां काम करते थे। पुलिस जांच में कथित तौर पर सामने आया कि मृतक की पत्नी का दोनों में से एक किशोर के साथ प्रेम प्रसंग था। इसी वजह से पति की हत्या की साजिश रची गई।
पुलिस के मुताबिक, 17 अगस्त को सभी लोग जन्मदिन की पार्टी के लिए कार से निकले थे। कार संजीव कुमार चला रहा था, जबकि दोनों किशोर पीछे बैठे थे। आरोप है कि रास्ते में पीछे बैठे एक किशोर ने कथित तौर पर सटाकर संजीव कुमार को गोली मार दी।
गोली लगने के बाद संजीव की मौत हो गई। इसके बाद आरोपियों ने कार को सुनसान स्थान पर सड़क किनारे खड़ा कर दिया और वहां से फरार हो गए। पुलिस के अनुसार, पूरी घटना को सड़क दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की गई थी।
पुलिस ने मामले में मृतक की पत्नी निशा को गिरफ्तार किया है, जबकि दोनों किशोरों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल तमंचा, खोखे और जिंदा कारतूस भी बरामद करने का दावा किया है। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास के साथ-साथ साजिश में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका की भी जांच कर रही है।
एसएसपी अजय गणपति ने मामले का 48 घंटे में खुलासा करने वाली पुलिस टीम की सराहना की। पुलिस अब हत्या के पीछे की पूरी साजिश, वारदात में शामिल अन्य संभावित लोगों और घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।