कैप्टन अजय पंत मामले में भारतीय उच्चायोग सक्रिय, मुख्यमंत्री धामी लगातार कर रहे निगरानी; 16 जुलाई को होगी अगली सुनवाई…
देहरादून। यूनाइटेड किंगडम में न्यायिक हिरासत में रखे गए उत्तराखण्ड निवासी कैप्टन अजय पंत के मामले में भारत सरकार और भारतीय उच्चायोग लगातार सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों और लगातार फॉलोअप के क्रम में लंदन स्थित भारतीय उच्चायोग ने मामले की विस्तृत जानकारी मुख्यमंत्री को उपलब्ध कराई है।
उच्चायोग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार कैप्टन अजय पंत वर्तमान में एचएमपी विनचेस्टर जेल में न्यायिक हिरासत में हैं। 19 जून 2026 को भारतीय उच्चायोग ने जेल की टेलीफोन व्यवस्था के माध्यम से उनसे संपर्क स्थापित किया था। बातचीत के दौरान कैप्टन पंत ने स्वयं को स्वस्थ बताया और कहा कि उन्हें जेल प्रशासन की ओर से आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने यह भी बताया कि वह अपनी पत्नी के साथ नियमित संपर्क में हैं।
भारतीय उच्चायोग ने मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में अवगत कराया है कि इस मामले को यूनाइटेड किंगडम के विदेश, राष्ट्रमंडल एवं विकास कार्यालय (FCDO) के समक्ष भी उठाया गया है। इसका उद्देश्य कैप्टन पंत को समयबद्ध कांसुलर सहायता उपलब्ध कराना तथा उनकी सुरक्षा, स्वास्थ्य और कानूनी अधिकारों का पूर्ण संरक्षण सुनिश्चित करना है।
उच्चायोग कैप्टन पंत की पत्नी, उनके नियोक्ता एनर्जियोस मैरीटाइम प्राइवेट लिमिटेड, कानूनी प्रतिनिधियों और अन्य संबंधित पक्षों के साथ भी लगातार संपर्क बनाए हुए है। कंपनी ने कैप्टन पंत को आवश्यक कानूनी सहायता उपलब्ध कराने तथा उनके परिवार को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया है।
जानकारी के अनुसार न्यायालय में पेशी के बाद कैप्टन पंत को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है और मामले की अगली सुनवाई 16 जुलाई 2026 को निर्धारित की गई है। भारतीय उच्चायोग ने भरोसा दिलाया है कि कैप्टन पंत और उनके परिवार को आवश्यक कांसुलर सहायता एवं सहयोग निरंतर उपलब्ध कराया जाता रहेगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार अपने नागरिकों के हितों और सुरक्षा के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है। उन्होंने बताया कि इस मामले में राज्य सरकार भारत सरकार, विदेश मंत्रालय और भारतीय उच्चायोग के साथ निरंतर संपर्क बनाए हुए है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि सभी संबंधित एजेंसियां समन्वित रूप से कार्य करते हुए कैप्टन अजय पंत को आवश्यक सहायता और समर्थन उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस पूरे मामले पर लगातार नजर बनाए हुए है और हर संभव सहयोग सुनिश्चित करेगी।
