लालकुआं में दो सगे भाइयों ने दिया चोरी की वारदात को अंजाम, 19 दिन बाद पुलिस ने किया खुलासा, 2.69 लाख के जेवरात बरामद…
50 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगालकर चोरों तक पहुंची पुलिस, दोनों आरोपी गिरफ्तार; एक के खिलाफ सात और दूसरे पर तीन मुकदमे दर्ज…
लालकुआं। नैनीताल जिले के लालकुआं में घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात चोरी करने की वारदात का पुलिस ने महज 19 दिनों में खुलासा कर दिया है। पुलिस ने चोरी की घटना में शामिल दो सगे भाइयों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से करीब 2 लाख 69 हजार रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। खास बात यह है कि आरोपियों तक पहुंचने के लिए पुलिस ने 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और लगातार सुरागरसी-पतारसी की।
पुलिस के अनुसार, आजाद नगर वार्ड नंबर चार, लालकुआं निवासी मोहनी देवी पत्नी स्वर्गीय रमेश ने 23 अक्टूबर 2026 को कोतवाली में तहरीर देकर बताया था कि 17 अक्टूबर की रात अज्ञात चोर उनके घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर ले गए हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू की।
मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी हरबंस सिंह के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी लालकुआं विमल प्रसाद के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन सिंह राणा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास के क्षेत्रों के साथ ही संभावित स्थानों और सीमावर्ती जनपदों के 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया। लगातार जांच और मुखबिर तंत्र से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने 5 नवंबर 2026 को डर्बी जंगल, लालकुआं से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विशाल मंडल उर्फ चीमा (32 वर्ष) और विकास मंडल (28 वर्ष), पुत्र वीरेंद्र सिंह, निवासी आजाद नगर वार्ड नंबर चार, लालकुआं के रूप में हुई है। दोनों सगे भाई हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो पीली धातु के मंगलसूत्र, दो जोड़ी पीली धातु के कान के कुंडल और चांदी के पांच सिक्के बरामद किए हैं। बरामद जेवरात की कुल अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 69 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक, विशाल मंडल उर्फ चीमा के खिलाफ आबकारी अधिनियम, बीएनएस और गुंडा एक्ट के तहत पहले से कुल सात मुकदमे दर्ज हैं। वहीं विकास मंडल के खिलाफ जुआ और आबकारी अधिनियम के तहत तीन मुकदमे पंजीकृत हैं। अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) की बढ़ोतरी की है। दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका, इस सफल कार्रवाई में वरिष्ठ उपनिरीक्षक दीपक बिष्ट, उपनिरीक्षक वंदना चौहान, हेड कांस्टेबल आनंदपुरी, हेड कांस्टेबल पूरन सिंह रायपा, कांस्टेबल उमेश गिरी और कांस्टेबल संजय कुमार शामिल रहे।
एसएसपी नैनीताल के निर्देश पर पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता मिली है।

