बिग ब्रेकिंग–एसओ सुशील जोशी के नेतृत्व में मुखानी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध कच्ची शराब तस्कर रंगेहाथों गिरफ्तार…
नैनीताल–हल्द्वानी के थाना मुखानी क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक युवक को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी मोटरसाइकिल से अवैध कच्ची शराब की तस्करी कर रहा था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. के निर्देशों पर जनपद में नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई अंजाम दी गई।
थानाध्यक्ष मुखानी सुशील जोशी के नेतृत्व में 20 दिसंबर 2025 को आम्रपाली चौकी बैरियर पर चेकिंग के दौरान मोटरसाइकिल संख्या UK 18 G 4028 को रोका गया। तलाशी लेने पर चालक रेशम सिंह पुत्र जागर सिंह, निवासी ग्राम ककराला, थाना गदरपुर, जिला ऊधम सिंह नगर (उम्र 27 वर्ष) के कब्जे से 166 पाउच अवैध कच्ची शराब (खाम) बरामद की गई।
पुलिस ने आरोपी को मौके पर गिरफ्तार कर थाना मुखानी में FIR संख्या 266/25, धारा 60(1)/72 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
इस कार्रवाई में पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अविनाश मौर्य, कांस्टेबल शंकर सिंह और कांस्टेबल भगवती पाठक शामिल रहे।
नैनीताल पुलिस ने साफ किया है कि जनपद में नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और भविष्य में भी इस तरह की सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
