बिग ब्रेकिंग–हरिद्वार में ‘मशरूम ग्राम’ का शुभारंभ, किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में बड़ा कदम: मुख्यमंत्री धामी..

हरिद्वार जनपद के बुग्गावाला क्षेत्र में मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने एमबी फूड्स द्वारा विकसित ‘मशरूम ग्राम’ का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने इसे किसानों की आय बढ़ाने, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने और कृषि क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा देने वाली महत्वपूर्ण पहल बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मशरूम उत्पादन कम भूमि, कम जल और कम समय में अधिक लाभ देने वाला प्रभावी उद्यम है, जिससे किसान अतिरिक्त आय अर्जित कर सकते हैं। उन्होंने एमबी फूड्स की टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह मॉडल स्थानीय युवाओं और महिलाओं को स्वरोज़गार के नए अवसर प्रदान करेगा तथा स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाएगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ‘मशरूम ग्राम’ राज्य के अन्य क्षेत्रों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगा।
मुख्यमंत्री धामी ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रही किसान हितैषी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से उत्तराखण्ड के लगभग 9 लाख किसान लाभान्वित हो रहे हैं। न्यूनतम समर्थन मूल्य में वृद्धि, फसल बीमा योजना, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, किसान मानधन योजना, मिलेट मिशन और डिजिटल कृषि मिशन जैसी योजनाएं किसानों को आत्मनिर्भर बना रही हैं। उन्होंने किसान क्रेडिट कार्ड की सीमा बढ़ाकर पाँच लाख रुपये किए जाने को किसानों के लिए ऐतिहासिक निर्णय बताया।
राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि फार्म मशीनरी बैंक योजना के तहत 80 प्रतिशत तक सब्सिडी, तीन लाख रुपये तक ब्याजमुक्त ऋण और मुफ्त सिंचाई की सुविधा दी जा रही है। पॉलीहाउस निर्माण के लिए 200 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिससे सैकड़ों किसानों को लाभ मिला है। साथ ही गेहूं और गन्ने पर बोनस, नई सेब व कीवी नीति, स्टेट मिलेट मिशन, ड्रैगन फ्रूट नीति और ‘महक क्रांति’ से कृषि व बागवानी को नई दिशा मिल रही है।
मुख्यमंत्री ने ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड के माध्यम से उत्तराखण्ड के स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने की प्रतिबद्धता दोहराई। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने जनसहभागिता का आह्वान करते हुए कहा कि सभी के सहयोग से देवभूमि उत्तराखण्ड को कृषि सहित हर क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाया जाएगा।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री श्री गणेश जोशी, विधायक श्री प्रदीप बत्रा, जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहित जनपद स्तरीय अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
