गिरफ्तारी से बचने के लिए बदल रहा था ठिकाने, ऑपरेशन प्रहार में बनभूलपुरा पुलिस ने वारंटी को दबोचा…
हल्द्वानी। नैनीताल पुलिस द्वारा वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत बनभूलपुरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने लंबे समय से गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहे एक वारंटी अभियुक्त को उसके घर से गिरफ्तार किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस लगातार वांछित और वारंटी अभियुक्तों की धरपकड़ कर रही है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल एवं क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक थाना बनभूलपुरा दिनेश सिंह फर्त्याल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।
पुलिस ने मकसूद पुत्र मंसूर, निवासी काबुल का बगीचा, इंद्रानगर, बनभूलपुरा, उम्र 32 वर्ष को गिरफ्तार किया। अभियुक्त के खिलाफ क्रिमिनल केस नंबर 4418/22 में धारा 380, 411 एवं 457 भादवि के तहत मामला दर्ज है। इस मामले में माननीय न्यायालय द्वारा उसके खिलाफ वारंट जारी किया गया था।
पुलिस के अनुसार अभियुक्त गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदलकर रह रहा था। पुलिस टीम ने उसकी तलाश में लगातार दबिश और निगरानी जारी रखी। आखिरकार 13 अगस्त 2026 को बनभूलपुरा पुलिस ने उसे उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने अभियुक्त को माननीय न्यायालय द्वारा जारी वारंट एवं आदेश की प्रति भी दिखाई।
पुलिस की इस कार्रवाई को ऑपरेशन प्रहार के तहत वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक मनोज यादव और कांस्टेबल लक्ष्मण राम शामिल रहे।
