मध्य प्रदेश में दीपावली की रात मातम में बदली खुशियां, दो शहरों में भीषण अग्निकांड; 12 लोगों की दर्दनाक मौत…
सिवनी और कटनी में आग ने उजाड़े दो परिवार, मृतकों में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग शामिल; उज्जैन में 107 वर्षीय बुजुर्ग ने भी गंवाई जान।
सिवनी/कटनी। मध्य प्रदेश में दीपावली का त्योहार कई परिवारों के लिए कभी न भूलने वाला दुख लेकर आया। खुशियों और रोशनी के पर्व पर आग की भीषण घटनाओं ने दो शहरों में तबाही मचा दी। सिवनी और कटनी में हुए अलग-अलग अग्निकांड में कुल 12 लोगों की जान चली गई। दोनों घटनाओं में परिवार के सदस्य अपने ही घरों में आग की चपेट में आ गए। वहीं, उज्जैन में भी आग से झुलसने के कारण 107 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। इन हादसों के बाद संबंधित इलाकों में शोक का माहौल है।
सिवनी जिले के छपारा नगर स्थित महावीर वार्ड के जैन मोहल्ले में सोमवार तड़के करीब चार बजे सर्राफा व्यापारी कुंदन सोनी के मकान में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और मकान का बड़ा हिस्सा इसकी चपेट में आ गया। उस समय घर में परिवार के करीब 10 सदस्य मौजूद थे। आग इतनी तेजी से फैली कि अंदर मौजूद लोगों को बाहर निकलने का पर्याप्त मौका नहीं मिल सका।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग, पुलिस और एंबुलेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं। राहत एवं बचाव अभियान चलाकर सभी लोगों को बाहर निकाला गया। हालांकि, इस दर्दनाक हादसे में चार महिलाओं और दो पुरुषों समेत छह लोगों की जान चली गई। मृतकों की पहचान कुंदन लाल सोनी (75), राजकुमारी सोनी (65), ऋतु सोनी (42), स्मृति सोनी (40), सूर्या सोनी (45) और आदित्य सोनी (16) के रूप में हुई है।
वहीं, अमायरा सोनी (7), रितेश सोनी (45), सौरभ सोनी (43) और आकर्ष सोनी (14) को सुरक्षित बचा लिया गया। घायलों की स्थिति को लेकर कुछ की हालत गंभीर बताई गई है। तहसीलदार सौरभ मरावी के मुताबिक, सूचना मिलते ही बचाव दल को घटनास्थल पर भेजा गया था। एसडीओपी लखनादौन अपूर्व भलावी ने छह लोगों की मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है। फिलहाल आग लगने की वजह का पता लगाया जा रहा है।
दूसरी बड़ी घटना कटनी जिले के बरही कस्बे में सामने आई। यहां रविवार देर रात करीब 12 बजे मुख्य बाजार में स्थित पूरन अग्रवाल और रितेश अग्रवाल की संयुक्त क्रॉकरी दुकान में आग लग गई। दुकान के ऊपर ही परिवार रहता था। देखते ही देखते आग ने ऊपरी मंजिलों को भी अपनी चपेट में ले लिया और घर में मौजूद लोगों के लिए बाहर निकलना मुश्किल हो गया।
इस हादसे में 77 वर्षीय पूरन अग्रवाल, उनकी पत्नी चंद्रकला, बहू पूनम समेत परिवार के छह सदस्यों की मौत हो गई। मृतकों में 14 वर्षीय आर्या, छह वर्षीय अन्वी और महज दो महीने का मासूम बच्चा भी शामिल है।
जानकारी के मुताबिक, रितेश अग्रवाल और उनकी भाभी किसी तरह आग की चपेट से बचकर बाहर निकलने में सफल रहे। उन्होंने शोर मचाकर आसपास के लोगों को मदद के लिए बुलाया, लेकिन परिवार के अन्य सदस्य इमारत के अंदर ही फंसे रह गए। बचाव दल ने काफी मशक्कत के बाद फंसे लोगों को बाहर निकाला। इस हादसे में एक मां और उसके दो महीने के बच्चे की मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया।
कटनी अग्निकांड के दौरान दमकल विभाग की तैयारियों पर भी सवाल खड़े हो गए। बताया जा रहा है कि सूचना मिलने के बाद दमकल वाहन को घटनास्थल तक पहुंचने में करीब एक घंटे का समय लग गया। इसके बाद विजयराघवगढ़ से भेजे गए दूसरे दमकल वाहन की पाइप में भी खराबी सामने आई, जिससे आग बुझाने का काम प्रभावित हुआ।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कैमोर और कटनी से अतिरिक्त दमकल वाहन बुलाए गए। आग पर नियंत्रण पाने और इमारत में फंसे लोगों को निकालने के लिए लगातार प्रयास किए गए। हालात को देखते हुए जेसीबी की मदद से मकान की दीवार भी तोड़ी गई। सोमवार सुबह तक बचाव अभियान जारी रहा।
कलेक्टर आशीष तिवारी ने बताया कि बरही के मुख्य बाजार में दुकान और उसके ऊपर बने आवासीय हिस्से में आग फैलने से बड़ा हादसा हुआ है। आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
मध्य प्रदेश के अन्य इलाकों में भी दीपावली की रात आग लगने की घटनाएं सामने आईं। उज्जैन में मकान के ऊपरी हिस्से में फंसे लोगों के बीच 107 वर्षीय बुजुर्ग की आग से झुलसने के कारण मौत हो गई। वहीं, गुना में एक किसान के घर में भी भीषण आग लग गई। इस घटना में दो लोग झुलस गए, जिन्हें उपचार के लिए राजस्थान रेफर किया गया। आग से लाखों रुपये की फसल भी नष्ट होने की जानकारी सामने आई है।
दीपावली जैसे खुशियों के त्योहार पर सिवनी और कटनी में हुए इन दोनों बड़े अग्निकांड ने सुरक्षा और दमकल व्यवस्थाओं को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। दो परिवारों के 12 सदस्यों की मौत से पूरे प्रदेश में शोक की लहर है।

