मुख्यमंत्री धामी का बड़ा फैसला: उत्तराखंड के विकास को मिली रफ्तार, ₹93 करोड़ से हेलीपैड, सड़क, पर्यटन और पुलिस आवास होंगे मजबूत…

0
FB_IMG_1780449586550
खबर शेयर करें -

 

 

देहरादून। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड के समग्र विकास को नई गति देने के उद्देश्य से राज्य के विभिन्न जनपदों में हेलीपैड निर्माण, सड़क संपर्क, पर्यटन अवस्थापना, पुलिस आवास, शिक्षा और ऊर्जा परियोजनाओं समेत कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों के लिए कुल ₹93 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की है। मुख्यमंत्री के इस निर्णय से राज्य में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होने के साथ-साथ पर्यटन, आपदा प्रबंधन और जनसुविधाओं को भी मजबूती मिलेगी।

 

सबसे बड़ी स्वीकृति जनपद अल्मोड़ा को मिली है, जहां गोल्ज्यू मंदिर के समीप पर्यटन अवस्थापनाओं के विकास के लिए ₹56.29 करोड़ मंजूर किए गए हैं। वहीं टिहरी गढ़वाल में ज्ञानसू–ग्वाड–पस्सी–बुडोगी मोटर मार्ग के पुनर्निर्माण एवं सुधारीकरण के लिए ₹3.32 करोड़ तथा देहरादून के डोईवाला विधानसभा क्षेत्र में भानियावाला विस्थापित क्षेत्र के विभिन्न मार्गों के चौड़ीकरण, पक्कीकरण और इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाने के लिए ₹1.23 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं।

 

पुलिस अवसंरचना को सुदृढ़ बनाने के लिए हरिद्वार जनपद में पुराना थाना श्यामपुर, कोतवाली ज्वालापुर और थाना बहादराबाद परिसर में पुलिस आवासों के निर्माण हेतु करोड़ों रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। इन परियोजनाओं के लिए प्रथम किस्त के रूप में धनराशि भी जारी करने का अनुमोदन दिया गया है।

 

आपदा प्रबंधन और पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उत्तरकाशी के जानकीचट्टी में एडीआरएफ पोस्ट निर्माण, मोरी विकासखंड के ग्राम फिताड़ी में नए हेलीपैड का निर्माण तथा जोशियाड़ा स्थित पूर्व निर्मित हेलीपैड के सौंदर्यीकरण के लिए धनराशि स्वीकृत की गई है। इसके अलावा टिहरी गढ़वाल के ग्राम भांगला पट्टी दोगी में भी नए हेलीपैड के निर्माण को मंजूरी दी गई है।

 

शिक्षा और ऊर्जा क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए मुख्यमंत्री ने राजकीय इंटर कॉलेज पावकी देवी, नैचोली खनाना एवं चमराडा देवी के पुनर्निर्माण के लिए प्रथम किस्त जारी करने की स्वीकृति दी है। वहीं चमोली के तपोवन क्षेत्र में भूतापीय (जियोथर्मल) ऊर्जा स्रोतों के प्रारंभिक सर्वेक्षण एवं डीपीआर तैयार करने के लिए यूजेवीएनएल को ₹3 करोड़ की स्वीकृति प्रदान करते हुए प्रथम किस्त जारी करने का अनुमोदन भी दिया गया है।

 

इसके साथ ही प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को राज्यांश के रूप में ₹20 करोड़ की अनुदान राशि जारी करने को भी मंजूरी दी गई है, जिससे राज्य में सौर ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा।

 

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद चमोली के थराली विधानसभा क्षेत्र में विकासखंड देवाल के अंतर्गत ल्वाणी–सुया मोटर मार्ग का नाम स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय श्री खीमजी के नाम पर रखने का भी अनुमोदन प्रदान किया है।

 

मुख्यमंत्री के इन निर्णयों को राज्य में आधारभूत ढांचे के विस्तार, पर्यटन विकास, ऊर्जा सुरक्षा, पुलिस सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण और ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर संपर्क व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Ad Ad Ad

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *