वरिष्ठ नागरिक से सोने की अंगूठी झपटकर भागा 60 वर्षीय शातिर लुटेरा गिरफ्तार, 1 लाख की अंगूठी बरामद…
हल्द्वानी। मुखानी थाना पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत वरिष्ठ नागरिक से हुई झपटमारी की वारदात का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से झपटी गई करीब एक लाख रुपये कीमत की सोने की अंगूठी और घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की स्कूटी बरामद की है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के विभिन्न थानों में लूट, धोखाधड़ी और झपटमारी समेत कई मुकदमे दर्ज पाए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, 8 अगस्त 2026 को कुसुमखेड़ा निवासी महेंद्र चंद तिवारी के हाथ से अज्ञात व्यक्ति 6-7 ग्राम वजन की सोने की अंगूठी झपटकर फरार हो गया था। मामले में 10 अगस्त को थाना मुखानी में एफआईआर संख्या 124/26, धारा 304(2) BNS के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने एसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल को तत्काल विशेष टीम गठित कर वारदात का खुलासा करने के निर्देश दिए। एसपी हल्द्वानी के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक मुखानी सुशील जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई देने के बाद उसकी तलाश के लिए मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया।
पुलिस टीम ने 11 अगस्त 2026 को मुखानी थाना क्षेत्र में संदिग्ध की तलाश के दौरान मुखबिर की सूचना पर एक व्यक्ति को बिना नंबर की स्कूटी समेत दबोच लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से झपटमारी की गई पीली धातु की अंगूठी बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपी की पहचान विनोद शर्मा (60 वर्ष), निवासी मोहल्ला गोजानी, थाना रामनगर, नैनीताल के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, आरोपी शातिर किस्म का अपराधी है और उसके खिलाफ उत्तराखंड व उत्तर प्रदेश में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। मामले में धारा 317(2) BNS की बढ़ोतरी करते हुए आरोपी को चोरी के माल समेत गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपी का आपराधिक इतिहास, पुलिस के मुताबिक विनोद शर्मा के खिलाफ थाना पंतनगर में लूट, थाना क्लेमेंट टाउन देहरादून में धोखाधड़ी, थाना मुखानी में धोखाधड़ी, थाना बाजपुर में झपटमारी तथा उत्तर प्रदेश के स्योहारा थाना क्षेत्र में धोखाधड़ी से संबंधित मुकदमे दर्ज हैं। अन्य जनपदों और राज्यों से भी आरोपी के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस टीम, प्रभारी निरीक्षक सुशील जोशी, उप निरीक्षक वीरेंद्र चंद, उप निरीक्षक अविनाश मौर्य, कांस्टेबल धीरज सुगड़ा, कांस्टेबल रोहित कुमार और कांस्टेबल राजेश जोशी ने कार्रवाई में अहम भूमिका निभाई।
