दीपावली पर जवानों के बीच पहुंचे मुख्यमंत्री धामी, रुकवाया काफिला; मिठाई खिलाकर दी त्योहार की शुभकामनाएं…

FB_IMG_1794189491213
खबर शेयर करें -

गढ़ी कैंट में सैनिकों से की आत्मीय मुलाकात, बोले- वीर जवानों के त्याग और समर्पण के कारण ही सुरक्षित माहौल में त्योहार मना पाते हैं देशवासी…

 

देहरादून। दीपावली के पावन पर्व पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सैनिकों के प्रति सम्मान और आत्मीयता की अनूठी मिसाल पेश की। शासकीय आवास लौटते समय गढ़ी कैंट क्षेत्र में सेना के जवानों को देखकर मुख्यमंत्री ने अपना काफिला रुकवा दिया। इसके बाद उन्होंने जवानों के बीच पहुंचकर उनसे मुलाकात की, उनका कुशलक्षेम जाना और मिठाई खिलाकर दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

 

इस दौरान मुख्यमंत्री ने जवानों से बातचीत करते हुए कहा कि देश की सीमाओं की सुरक्षा और राष्ट्र की अखंडता बनाए रखने के लिए भारतीय सेना के वीर जवान दिन-रात पूरी निष्ठा, समर्पण और अदम्य साहस के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं। सैनिकों के सतर्क पहरे और अटूट संकल्प के चलते ही देशवासी सुरक्षित वातावरण में अपने त्योहार और खुशियां मना पाते हैं।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि मां भारती की सेवा में समर्पित सैनिकों का त्याग, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यनिष्ठा प्रत्येक देशवासी के लिए प्रेरणास्रोत है। जब पूरा देश दीपावली का पर्व अपने परिवारों के साथ मना रहा होता है, तब अनेक वीर जवान अपने घर-परिवार से दूर रहकर देश की सुरक्षा में मुस्तैद रहते हैं। उनका यह समर्पण पूरे राष्ट्र के लिए गर्व और सम्मान का विषय है।

 

उन्होंने सैनिकों के शौर्य, साहस और राष्ट्र के प्रति समर्पण को नमन करते हुए कहा कि देश के जवानों का सम्मान करना और उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। मुख्यमंत्री ने सभी जवानों के सुखद, स्वस्थ एवं सुरक्षित जीवन की कामना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और राष्ट्रसेवा के संकल्प को सलाम किया।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड वीरभूमि है और यहां के युवाओं की भारतीय सेना में सेवा की गौरवशाली परंपरा रही है। प्रदेश का प्रत्येक नागरिक अपने सैनिकों और उनके परिवारों पर गर्व करता है। सैनिकों का अदम्य साहस, त्याग और देशप्रेम आने वाली पीढ़ियों को भी राष्ट्रसेवा के लिए सदैव प्रेरित करता रहेगा।

 

दीपावली के अवसर पर मुख्यमंत्री का जवानों के बीच रुककर उनसे मिलना और मिठाई बांटकर खुशियां साझा करना सैनिकों के प्रति सम्मान, अपनत्व और कृतज्ञता का संदेश देता नजर आया।

Ad Ad