नैनीताल में 30 अक्टूबर को मौसम का ऑरेंज अलर्ट, डीएम ललित मोहन रयाल ने अधिकारियों को किया अलर्ट, यात्रा के दौरान सतर्कता बरतने की अपील, नदी–नालों से दूर रहने के निर्देश…
नैनीताल। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) द्वारा नैनीताल जनपद के लिए 30 अक्टूबर को ऑरेंज अलर्ट जारी किए जाने के बाद जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने मोबाइल फोन 24 घंटे चालू रखें और सभी संबंधित कार्मिक अपने-अपने कार्यक्षेत्र में मौजूद रहें, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किए जा सकें। उन्होंने आपदा कंट्रोल रूम को भी अधिक सक्रिय रखने के निर्देश दिए, जिससे मौसम से जुड़ी किसी भी सूचना पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
डीएम ललित मोहन रयाल ने आमजन से अपील की है कि मौसम विभाग द्वारा जारी अलर्ट को गंभीरता से लेते हुए ही यात्रा की योजना बनाएं। उन्होंने लोगों को नदी-नालों के आसपास जाने से बचने और खराब मौसम के दौरान विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।
जिला प्रशासन ने संबंधित विभागों को संभावित परिस्थितियों से निपटने के लिए सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। मौसम की स्थिति को देखते हुए लोगों से अपील की गई है कि वे अनावश्यक जोखिम न लें और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

