SSC परीक्षा में हाईटेक नकल का पर्दाफाश, STF ने दिल्ली से एक और आरोपी दबोचा, परीक्षा केंद्र के कंप्यूटरों का रिमोट एक्सेस गिरोह को देने का आरोप, अब तक सात आरोपी पहले ही हो चुके हैं गिरफ्तार…

FB_IMG_1793206983424
खबर शेयर करें -

 

 

 

देहरादून। कर्मचारी चयन आयोग (SSC) की मल्टीटास्किंग स्टाफ (MTS) और हवलदार ऑनलाइन परीक्षा में हाईटेक तरीके से नकल कराने के मामले में उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (STF) को एक और सफलता मिली है। एसटीएफ ने मामले में आरोपी अंकित कुमार को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। आरोपी परीक्षा केंद्र पर पर्यवेक्षक के रूप में तैनात था और उस पर नकल कराने वाले गिरोह के साथ मिलकर काम करने का आरोप है।

 

एसटीएफ के अनुसार, 14 फरवरी 2026 को इस मामले में देहरादून नगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच में सामने आया कि परीक्षा केंद्र के सर्वर रूम और अंडरग्राउंड चैंबर में छिपाकर रखे गए लैपटॉप, राउटर तथा फर्जी आईपी एड्रेस (प्रॉक्सी सर्वर) के जरिए परीक्षा केंद्र के कंप्यूटरों तक दूर से पहुंच बनाई जाती थी। इसके माध्यम से बाहर बैठे लोगों द्वारा अभ्यर्थियों के प्रश्न हल कराए जाने का आरोप है।

यह भी पढ़ें:  नैनीताल में 30 अक्टूबर को मौसम का ऑरेंज अलर्ट, डीएम ललित मोहन रयाल ने अधिकारियों को किया अलर्ट, यात्रा के दौरान सतर्कता बरतने की अपील, नदी–नालों से दूर रहने के निर्देश...

 

मामले की गंभीरता और तकनीकी जटिलताओं को देखते हुए जांच एसटीएफ को सौंपी गई थी। जांच के दौरान जुटाए गए तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर टीम ने अंकित कुमार की भूमिका का पता लगाया और उसे दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया।

 

गिरफ्तार आरोपी अंकित कुमार उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले के मुगलसराय का निवासी है। एसटीएफ के मुताबिक, परीक्षा केंद्र पर उसकी जिम्मेदारी अभ्यर्थियों के पहचान पत्रों की जांच करने और परीक्षा के दौरान निगरानी रखने की थी।

यह भी पढ़ें:  IPS नीरू गर्ग और अरुण जोशी के वेतन पर हाईकोर्ट सख्त, बकाया भुगतान पर विचार करने के निर्देश...

 

आरोप है कि अंकित ने परीक्षा केंद्र में लगे कंप्यूटरों को रिमोट एक्सेस देने के लिए जरूरी आईपी संबंधी जानकारी नकल कराने वाले गिरोह के सदस्यों तक पहुंचाई थी। इस जानकारी के जरिए गिरोह परीक्षा प्रणाली तक बाहरी पहुंच बनाने में सक्षम हुआ। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

 

एसटीएफ के अनुसार, इस प्रकरण में इससे पहले सात आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। अंकित कुमार की गिरफ्तारी के बाद जांच एजेंसियों को गिरोह की कार्यप्रणाली और अन्य संभावित संलिप्त लोगों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारियां मिलने की उम्मीद है। पूछताछ में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

यह भी पढ़ें:  बिग ब्रेकिंग–उत्तराखंड में मौसम का ऑरेंज अलर्ट: नैनीताल समेत 5 जिलों में आंधी, ओलावृष्टि और भारी बारिश की चेतावनी...

 

उत्तराखंड एसटीएफ के एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि अंकित कुमार नवंबर 2025 में आयोजित एसएससी की टियर-1 मल्टीटास्किंग स्टाफ और क्लेरिकल स्टाफ परीक्षा में कथित नकल से जुड़े एक अन्य मामले में भी वांछित था। इस संबंध में देहरादून कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया था।

 

एसएसपी के मुताबिक, आरोपी को अब गिरफ्तार कर लिया गया है। एसटीएफ पूरे मामले की जांच कर रही है, ताकि परीक्षा में नकल कराने के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका का भी पता लगाया जा सके।

Ad Ad