पौड़ी गढ़वाल को मिला नया पुलिस कप्तान, IPS देवेन्द्र पींचा ने संभाली कमान; कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण पर रहेगा विशेष फोकस…

पौड़ी गढ़वाल। जनपद पौड़ी गढ़वाल को नया वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मिल गया है। वर्ष 2016 बैच के आईपीएस अधिकारी देवेन्द्र पींचा ने शुक्रवार, 27 नवंबर 2026 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी गढ़वाल के पद का विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया। पुलिस कार्यालय पहुंचने पर उन्हें गार्द सलामी दी गई। इसके बाद उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से मुलाकात कर जनपद पुलिस की कमान संभाली।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद नवागत एसएसपी ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया। साथ ही जनपद की वर्तमान कानून-व्यवस्था, अपराध की स्थिति, अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी ली। उन्होंने बेहतर पुलिसिंग के लिए आपसी समन्वय, अनुशासन, जवाबदेही और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
नवागत एसएसपी देवेन्द्र पींचा ने पुलिस कार्यालय की सभी प्रमुख शाखाओं का भ्रमण कर वहां संचालित कार्यों और कार्यालयी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने शाखाओं में तैनात पुलिसकर्मियों से उनके कार्यों की जानकारी ली और लंबित कार्यों के त्वरित निस्तारण के साथ ही पारदर्शिता एवं कार्यप्रणाली में प्रभावशीलता बनाए रखने के निर्देश दिए।
आईपीएस देवेन्द्र पींचा वर्ष 2016 बैच के अधिकारी हैं। अपने सेवाकाल के दौरान उन्होंने पुलिस प्रशासन और कानून-व्यवस्था से जुड़े कई महत्वपूर्ण पदों पर जिम्मेदारी निभाई है। इससे पहले वह एसएसपी अल्मोड़ा, सेनानायक 31वीं वाहिनी पीएसी, पुलिस अधीक्षक चम्पावत, एसपी क्राइम एवं ट्रैफिक नैनीताल तथा अपर पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंह नगर जैसे महत्वपूर्ण पदों पर सेवाएं दे चुके हैं।
उनके अनुभव को देखते हुए पौड़ी गढ़वाल में बेहतर पुलिसिंग, अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में नई उम्मीदें जताई जा रही हैं।
नवागत एसएसपी ने स्पष्ट किया कि पुलिस व्यवस्था में अनुशासन, जवाबदेही और जनहित को प्राथमिकता देते हुए कार्य किया जाएगा। वहीं पौड़ी गढ़वाल पुलिस परिवार ने उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया।
अब देखना होगा कि नए पुलिस कप्तान के नेतृत्व में पौड़ी गढ़वाल पुलिस अपराध नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और आमजन की शिकायतों के त्वरित समाधान की दिशा में किस तरह नए आयाम स्थापित करती हैं।

