विवेचना में देरी पड़ी भारी तो होगी सस्पेंशन की कार्रवाई, SSP मंजूनाथ टीसी का पुलिस अधिकारियों को अल्टीमेटम…
अपराध समीक्षा बैठक में लंबित मामलों पर सख्ती, त्योहारों की सुरक्षा से लेकर जाम, नशा तस्करी और जुआ-सट्टे पर कार्रवाई के निर्देश; 36 पुलिसकर्मी सम्मानित…
हल्द्वानी। नैनीताल जिले में अपराधों की विवेचना में लापरवाही और कानून व्यवस्था बनाए रखने में ढिलाई अब पुलिस अधिकारियों को भारी पड़ सकती है। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि लंबित मामलों की जांच समय पर पूरी नहीं करने वाले अधिकारियों के खिलाफ निलंबन तक की कार्रवाई की जाएगी। मंगलवार को हल्द्वानी कोतवाली में आयोजित अपराध समीक्षा बैठक में उन्होंने पुलिस अधिकारियों की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए लंबित विवेचनाओं पर नाराजगी जताई और जिम्मेदार अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।
एसएसपी ने कहा कि अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था और लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। सभी थाना और चौकी प्रभारी अपनी कार्यशैली में सुधार लाएं और विवेचनाओं को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय में पूरा करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिसिंग में लापरवाही, अनुशासनहीनता और काम के प्रति उदासीनता किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं की जाएगी। अपराधों की समीक्षा उच्च स्तर पर भी की जाती है, इसलिए सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करें।
धनतेरस, दीपावली, भैया दूज और आगामी विधानसभा सत्र को देखते हुए एसएसपी ने जिले में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए। बाजारों, पटाखा बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के साथ नियमित गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग बढ़ाने को कहा गया।
होटल और रेस्टोरेंट की जांच करने, संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी रखने तथा महिला और बाल सुरक्षा से जुड़े मामलों में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। एसएसपी ने कहा कि त्योहारों के दौरान आमजन की सुरक्षा सर्वोपरि है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
हल्द्वानी सहित जिले के अन्य क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए भी एसएसपी ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने डग्गामार निजी बसों, ओवरलोड वाहनों और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान चलाने के निर्देश दिए। नशे में वाहन चलाने, तेज गति और लापरवाही से ड्राइविंग करने वालों पर भी प्रभावी कार्रवाई करने को कहा गया।
हल्द्वानी की ठंडी सड़क पर अनावश्यक रूप से वाहन खड़े कर यातायात बाधित करने वालों को भी चिह्नित किया जाएगा। इसके लिए यातायात पुलिस, सीपीयू और कोतवाली पुलिस को संयुक्त अभियान चलाकर व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं।
अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई तेज करने पर जोर देते हुए एसएसपी ने जुआ-सट्टा चलाने वालों और नशा तस्करों के विरुद्ध सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने नशा तस्करी से जुड़े आरोपियों की अवैध संपत्तियों की जांच कर नियमानुसार गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई करने को कहा।
आदतन अपराधियों और अराजक तत्वों को चिह्नित कर उनके खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई करने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखने के निर्देश भी दिए गए। साइबर ठगी के मामलों में शिकायत मिलते ही त्वरित कार्रवाई करने और पीड़ितों की ठगी गई रकम वापस दिलाने के लिए प्रभावी प्रयास करने पर भी जोर दिया गया।
अपराध समीक्षा बैठक में विवेचनाओं की प्रगति के साथ साक्ष्य संकलन और अभियोजन की गुणवत्ता पर भी चर्चा हुई। एसएसपी ने निर्देश दिए कि लंबित मुकदमों का निस्तारण तेजी से किया जाए, ताकि दोषियों के खिलाफ मजबूत कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।
थानों में लंबे समय से खड़े मुकदमों से संबंधित वाहनों और अन्य माल का नियमानुसार शीघ्र निस्तारण करने को भी कहा गया। इसके अलावा पुलिसकर्मियों की विभागीय और व्यक्तिगत समस्याएं सुनकर उनके समयबद्ध समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
बैठक के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले 36 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। गृह मंत्रालय की ओर से विशिष्ट कार्य के लिए फायरमैन सुखदेव सिंह को डीजी-एफएस डिस्क ब्रॉन्ज और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाने का उल्लेख किया गया।
वहीं, पुलिस मुख्यालय की ओर से लीडिंग फायरमैन राजकुँवर सिंह और कांस्टेबल चंदन मर्तोलिया को महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क सिल्वर से सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त 33 पुलिसकर्मियों को उनके बेहतर कार्य के लिए बेस्ट एम्प्लॉयी ऑफ द मंथ पुरस्कार दिया गया।
अपराध समीक्षा बैठक में एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी संचार रेवाधर मठपाल, विभिन्न क्षेत्रों के क्षेत्राधिकारी, थाना और चौकी प्रभारी, यातायात पुलिस तथा सीपीयू के प्रभारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में एसएसपी ने स्पष्ट संदेश दिया कि जिले में अपराध नियंत्रण, बेहतर यातायात व्यवस्था और आमजन की सुरक्षा के मामले में किसी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों को निर्देशों का गंभीरता से पालन करते हुए पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के लिए कहा गया।

