बड़ी खबर–गैरसैंण में सियासी घमासान के बीच खानपुर विधायक उमेश कुमार का इस्तीफा, विपक्ष से दूरी बनी बड़ी वजह…

08_12_2023-mla_umesh_23599465
खबर शेयर करें -

 

खानपुर विधायक ने विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण को सौंपा इस्तीफा, रेखा आर्य की संपत्ति के मामले में नियम 310 के तहत चर्चा की मांग पर कांग्रेस का हंगामा।

 

गैरसैंण/देहरादून। उत्तराखंड विधानसभा के गैरसैंण स्थित भराड़ीसैंण में आयोजित दो दिवसीय विधानसभा सत्र के दूसरे दिन बुधवार को सदन के भीतर जमकर राजनीतिक घमासान देखने को मिला। विपक्ष के हंगामे, सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक तथा कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य की कथित संपत्ति से जुड़े मामले पर चर्चा की मांग के बीच खानपुर के निर्दलीय विधायक उमेश कुमार ने विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण को अपना इस्तीफा सौंप दिया। उन्होंने विपक्ष पर जनहित के मुद्दों पर अपेक्षित सहयोग नहीं देने का आरोप लगाया।

यह भी पढ़ें:  SSC परीक्षा में हाईटेक नकल का पर्दाफाश, STF ने दिल्ली से एक और आरोपी दबोचा, परीक्षा केंद्र के कंप्यूटरों का रिमोट एक्सेस गिरोह को देने का आरोप, अब तक सात आरोपी पहले ही हो चुके हैं गिरफ्तार...

 

उमेश कुमार ने कहा कि पिछले साढ़े चार वर्षों में उन्होंने विपक्ष के साथ मिलकर जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दे उठाए, लेकिन जब हरिद्वार, किसानों की समस्याओं, आपदा और बिजली बिलों में राहत जैसे विषयों पर आवाज उठाने की जरूरत पड़ी, तब उन्हें विपक्ष का अपेक्षित समर्थन नहीं मिला। उनका कहना था कि इन मुद्दों पर सहयोग की उम्मीद थी, लेकिन निराशा हाथ लगी।

 

विधायक ने स्पष्ट किया कि वह आगामी विधानसभा चुनाव में जन निर्माण पार्टी के चुनाव चिह्न पर मैदान में उतरेंगे। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य अधिक से अधिक विधायकों को जिताकर विधानसभा तक पहुंचाना है। साथ ही उन्होंने भाजपा और कांग्रेस, दोनों राजनीतिक दलों में शामिल होने की संभावनाओं से इनकार किया। उमेश कुमार के मुताबिक, वह उन नेताओं के समर्थन में नारे नहीं लगा सकते, जिनके खिलाफ वह पहले भी सवाल उठाते रहे हैं।

यह भी पढ़ें:  गैरसैंण को प्राथमिकता, एक साल में दो बार विधानसभा सत्र; विपक्ष के हंगामे पर सरकार ने उठाए सवाल, सीएम धामी बोले—जनता की समस्याओं पर चर्चा के लिए है विधानसभा, हंगामा करने के लिए नहीं....

 

हालांकि, उनके इस्तीफे पर विधानसभा अध्यक्ष की ओर से अंतिम निर्णय लिया जाना बाकी है।

 

विधानसभा सत्र के दौरान कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य की कथित 210 करोड़ रुपये की संपत्ति से जुड़े मामले को लेकर भी विपक्ष ने सरकार को घेरने का प्रयास किया। कांग्रेस विधायकों ने इस प्रकरण पर विधानसभा के नियम 310 के तहत चर्चा कराने की मांग उठाई। विपक्ष का आरोप था कि सरकार भ्रष्टाचार से जुड़े सवालों पर चर्चा से बच रही है।

 

इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस विधायकों ने सदन में काले कपड़े लहराए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। हंगामे के बीच सदन की कार्यवाही प्रभावित रही और सत्ता पक्ष तथा विपक्ष के बीच राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी रहा।

यह भी पढ़ें:  गैरसैंण को प्राथमिकता, एक साल में दो बार विधानसभा सत्र; विपक्ष के हंगामे पर सरकार ने उठाए सवाल, सीएम धामी बोले—जनता की समस्याओं पर चर्चा के लिए है विधानसभा, हंगामा करने के लिए नहीं....

 

 

विधानसभा के दो दिवसीय सत्र के दौरान हंगामे के बीच सरकार ने 7,844.18 करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट पारित करा लिया। इसके साथ ही सदन में प्रस्तुत सभी 10 विधेयकों को भी मंजूरी दे दी गई।

 

बुधवार सुबह 11 बजे शुरू हुई सदन की कार्यवाही दोपहर 1 बजकर 6 मिनट पर अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई। इस तरह दो दिवसीय सत्र राजनीतिक टकराव, विपक्ष के विरोध और निर्दलीय विधायक उमेश कुमार के इस्तीफे की घोषणा के कारण चर्चा में रहा।

Ad Ad