बिग ब्रेकिंग–सिटी मजिस्ट्रेट–एसडीएम की संयुक्त कार्रवाई, बनभूलपुरा में तीन क्लीनिक सील, बिना पंजीकरण चल रहे थे क्लीनिक…
हल्द्वानी। बनभूलपुरा क्षेत्र में बिना आवश्यक पंजीकरण और दस्तावेजों के संचालित किए जा रहे क्लीनिकों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी और एसडीएम मोनिका आर्या के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने क्षेत्र में जांच अभियान चलाकर तीन क्लीनिकों को सील कर दिया।
प्रशासनिक टीम ने कार्रवाई के दौरान संबंधित क्लीनिक संचालकों से पंजीकरण, लाइसेंस और संचालन से जुड़े जरूरी दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा। जांच के दौरान आवश्यक कागजात उपलब्ध नहीं कराए जा सके, जिसके बाद टीम ने तीनों प्रतिष्ठानों को नियमानुसार सील कर दिया।
इस कार्रवाई में सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी, एसडीएम मोनिका आर्या के साथ बनभूलपुरा थाना पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे। टीम ने क्लीनिकों में उपलब्ध दस्तावेजों और पंजीकरण संबंधी रिकॉर्ड की भी जांच की।
सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी ने कहा कि प्रशासन को क्षेत्र में मानकों के विपरीत और आवश्यक दस्तावेजों के बिना क्लीनिक संचालित किए जाने की शिकायतें मिली थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए यह अभियान चलाया गया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं के नाम पर नियमों की अनदेखी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। लोगों के स्वास्थ्य से जुड़ी व्यवस्था में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने क्लीनिक संचालकों से स्वास्थ्य विभाग के निर्धारित मानकों का पालन करने, आवश्यक पंजीकरण कराने और वैध लाइसेंस के साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं का संचालन करने की अपील की है। अधिकारियों के मुताबिक क्षेत्र में इस तरह की जांच आगे भी जारी रह सकती है।

