बिग ब्रेकिंग–इलाज के दौरान महिला की मौत का मामला: गैर इरादतन हत्या के आरोपी नईम उर्फ नईम पहलवान गिरफ्तार, जेल भेजा…
हल्द्वानी। इलाज के दौरान 23 वर्षीय महिला की मौत के मामले में फरार चल रहे आरोपी नईम उर्फ नईम पहलवान को नैनीताल पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दर्ज मुकदमे में आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 04 अक्टूबर 2026 को टाउन धानमिल, हल्द्वानी निवासी राम चन्द्र ने कोतवाली हल्द्वानी में तहरीर दी थी। तहरीर में आरोप लगाया गया कि 03 अक्टूबर को गुरुद्वारा वाली गली, कालाढूंगी रोड निवासी नईम उर्फ नईम पहलवान द्वारा इलाज करने के नाम पर उनकी पत्नी मीनाक्षी टम्टा का उपचार किया जा रहा था, इसी दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने वादी की तहरीर के आधार पर कोतवाली हल्द्वानी में FIR संख्या 338/2026, धारा 105 BNS के तहत मुकदमा दर्ज किया।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी विजय मेहता के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने लगातार पतारसी-सुरागरसी करते हुए आरोपी की तलाश की। इसी दौरान पुलिस ने नईम उर्फ नईम पहलवान को उसकी दुकान के पास से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी की गई और उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस टीम में शामिल रहे:
उपनिरीक्षक संजीत राठौड़, चौकी प्रभारी हीरानगर
हेड कांस्टेबल मनोज कुमार
कांस्टेबल ललित गोस्वामी

