बिग ब्रेकिंग–यहां फर्जी I.B. अधिकारी बनकर घूम रहा था युवक, नीली बत्ती और एयरगन के साथ पुलिस ने पकड़ा…

IMG-20260913-WA0016
खबर शेयर करें -

 

 

हल्द्वानी। नैनीताल पुलिस की सघन चेकिंग में एक युवक के फर्जी I.B. अधिकारी बनने का मामला सामने आया है। तिकोनिया चौराहे पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने लाल-नीली बत्ती और “भारत सरकार” का बोर्ड लगी हुंडई कार को रोका। कार चालक ने खुद को I.B. अधिकारी बताते हुए फर्जी पहचान पत्र प्रस्तुत किया। शक होने पर पुलिस ने वाहन की तलाशी ली तो फर्जीवाड़े का खुलासा हो गया।

 

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर जनपद में बाहरी एवं संदिग्ध व्यक्तियों के सत्यापन के साथ ही वाहनों की सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 12 सितंबर 2026 को हल्द्वानी क्षेत्र में पुलिस टीम संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी।

यह भी पढ़ें:  ममता एजुकेशनल एंड वेलफेयर सोसाइटी, गोरा पड़ाव के मार्गदर्शन में मेधावी छात्रवृत्ति परीक्षा के दौरान स्वाति और विपिन ने लहराया सफलता का परचम...

 

तिकोनिया चौराहे पर काठगोदाम की ओर से आ रही हुंडई कार संख्या UP25CS 9327 को पुलिस ने रोका। कार पर लाल-नीली बत्ती और “भारत सरकार” का बोर्ड लगा था। चालक ने पूछताछ में अपना नाम मो. मोहासिब खान पुत्र मो. अयूब खान, उम्र 24 वर्ष, निवासी रामपुर, उत्तर प्रदेश बताया और स्वयं को I.B. अधिकारी बताते हुए एक आईडी कार्ड दिखाया।

 

पुलिस ने जब उससे पद और नियुक्ति से संबंधित जानकारी मांगी तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। आईडी कार्ड और दस्तावेजों पर संदेह होने पर पुलिस ने कार की तलाशी ली।

यह भी पढ़ें:  चारधाम यात्रा को मिलेगी रफ्तार, पहाड़ों में 4202 वाहनों के लिए बनीं 63 पार्किंग, नैनीताल में 700 तो कैंची धाम में 500 से अधिक वाहनों की क्षमता वाली पार्किंग पर काम तेज...

 

तलाशी के दौरान डैशबोर्ड से फर्जी I.B. आईडी कार्ड, इंटेलिजेंस ब्यूरो से संबंधित फर्जी दस्तावेज, पिस्टल जैसी दिखने वाली एयरगन, नीली बत्ती और “भारत सरकार” का बोर्ड बरामद हुआ।

 

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह रौब दिखाने के लिए एयरगन अपने साथ रखता था। पुलिस जांच में प्रथम दृष्टया सामने आया कि युवक फर्जी पहचान पत्र और दस्तावेजों के जरिए खुद को I.B. अधिकारी/जवान के रूप में प्रदर्शित कर रहा था।

 

मामले में थाना हल्द्वानी में मुकदमा संख्या 315/2026 के तहत संबंधित धाराओं में अभियोग दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी को अग्रिम वैधानिक कार्रवाई के लिए न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। वाहन को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया है। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है।

यह भी पढ़ें:  पंचतत्व में विलीन हुए जिला सूचना अधिकारी गिरिजा शंकर जोशी, नम आंखों से दी अंतिम विदाई...

 

इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक कृपाल सिंह, प्रभारी चौकी भोटियापड़ाव, कांस्टेबल मो. अजहर और कांस्टेबल सुनील टम्टा शामिल रहे।

 

नैनीताल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में बाहरी एवं संदिग्ध व्यक्तियों तथा वाहनों की सघन चेकिंग लगातार जारी रहेगी। फर्जी पहचान बनाने, सरकारी पद का दुरुपयोग करने अथवा सरकारी अधिकारी बनकर रौब दिखाने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Ad