बिग ब्रेकिंग–पहली बार CRPF की कोबरा कमांडो यूनिट की कमान महिला IPS अधिकारी को, संयुक्ता पराशर बनीं कोबरा की पहली महिला IG, माओवादी विरोधी अभियानों में निभा चुकी हैं अहम भूमिका…

ChatGPT Image Sep 16, 2026, 08_20_53 AM
खबर शेयर करें -

 

नई दिल्ली। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की विशेष जंगल वारफेयर कमांडो यूनिट कोबरा (Commando Battalion for Resolute Action) को पहली बार महिला अधिकारी के नेतृत्व की जिम्मेदारी मिली है। असम-मेघालय कैडर की 2006 बैच की आईपीएस अधिकारी संयुक्ता पराशर को कोबरा का आईजी नियुक्त किया गया है। वह इस पद पर नियुक्त होने वाली पहली महिला अधिकारी हैं।

 

सीआरपीएफ मुख्यालय की ओर से जारी आदेश के बाद पराशर ने कोबरा के आईजी का पद संभाल लिया है। वह 1996 बैच के आईपीएस अधिकारी दानिश राणा का स्थान लेंगी। कोबरा की स्थापना वर्ष 2008-09 में देश के विभिन्न हिस्सों में माओवादी गतिविधियों और उग्रवाद से निपटने के लिए की गई थी।

 

संयुक्ता पराशर को असम में पुलिस सेवा के दौरान उग्रवाद विरोधी अभियानों का अनुभव रहा है। वह नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) में भी काम कर चुकी हैं। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने असम के अलावा पूर्वोत्तर के अन्य क्षेत्रों में सुरक्षा से जुड़े अभियानों में भी जिम्मेदारी निभाई।

 

हाल के वर्षों में कोबरा की भूमिका माओवादी हिंसा प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा अभियानों के साथ-साथ खुफिया जानकारी के आधार पर संचालित जंगल वारफेयर और गुरिल्ला ऑपरेशन में महत्वपूर्ण रही है। गृह मंत्रालय के स्तर पर भी कोबरा की विशेष कमांडो क्षमता को माओवादी विरोधी अभियानों में इस्तेमाल किया जाता रहा है।

 

संयुक्ता पराशर की नियुक्ति को सीआरपीएफ की विशेष कमांडो यूनिट में महिला नेतृत्व की महत्वपूर्ण शुरुआत के तौर पर देखा जा रहा है।

Ad Ad