आतंकवाद से चुनाव तक सुरक्षा पर डीजीपी सख्त, सोशल मीडिया पर 24 घंटे निगरानी के निर्देश…

FB_IMG_1789500921848
खबर शेयर करें -

 

देहरादून। आगामी विधानसभा चुनाव, चारधाम यात्रा, कुंभ मेला और बढ़ती सुरक्षा चुनौतियों के बीच उत्तराखंड पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। अभिसूचना एवं सुरक्षा मुख्यालय में पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर संवेदनशील मुद्दों पर चर्चा की और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

 

बैठक में आतंकवाद नियंत्रण को लेकर राष्ट्रीय स्तर पर संचालित पहली आतंकवाद निरोधी नीति ‘प्रहार’ को प्रदेश में प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर दिया गया। डीजीपी ने पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी द्वारा सोशल मीडिया के जरिये युवाओं को कट्टर बनाने संबंधी सामने आए इनपुट्स और उसके सहयोगियों की देशभर में हुई गिरफ्तारियों को गंभीरता से लेते हुए सभी जनपदों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें:  सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप में ब्लॉगर बिरजू मियाल गिरफ्तार, संयुक्त अस्पताल प्रशासन की तहरीर पर मुकदमा दर्ज, पुलिस ने हिरासत में लेकर शुरू की आगे की कार्रवाई...

 

आगामी विधानसभा चुनाव और मौजूदा सुरक्षा संवेदनशीलता को देखते हुए डीजीपी ने मुख्यमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर उसे और मजबूत करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही चुनाव के दौरान वीवीआईपी के प्रस्तावित कार्यक्रमों को देखते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पहले से आवश्यक सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा।

 

सीमा सुरक्षा को लेकर भी बैठक में महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए। चीन और नेपाल की अंतरराष्ट्रीय सीमाओं से लगे जनपदों में संदिग्ध गतिविधियों, घुसपैठ और राष्ट्रविरोधी तत्वों की आवाजाही पर प्रभावी निगरानी के लिए विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के बीच समन्वय बढ़ाने को कहा गया।

 

डीजीपी ने ITBP, SSB, IB, सेना, राज्य पुलिस और ATS के वरिष्ठ अधिकारियों की उच्चस्तरीय इंटर-एजेंसी कोऑर्डिनेशन बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए, ताकि सीमा से जुड़े मामलों में सूचनाओं का समय पर आदान-प्रदान और संयुक्त कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।

यह भी पढ़ें:  चारधाम यात्रा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, सुरक्षा-सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता, सीएम धामी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से की चारधाम यात्रा–2026 की समीक्षा, संवेदनशील क्षेत्रों में अलर्ट रहने के निर्देश...

 

प्रदेश में बढ़ती पर्यटकों और श्रद्धालुओं की संख्या के मद्देनजर डीजीपी ने वर्तमान में चल रही चारधाम यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने आगामी कुंभ मेले और अन्य प्रमुख धार्मिक आयोजनों के लिए भी पहले से विस्तृत सुरक्षा कार्ययोजना तैयार करने को कहा।

 

बैठक में सोशल मीडिया की निगरानी को भी सुरक्षा रणनीति का अहम हिस्सा माना गया। डीजीपी ने विधानसभा चुनाव, कुंभ मेले और धार्मिक आयोजनों के दौरान फेसबुक, एक्स, इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप ग्रुपों पर 24 घंटे निगरानी रखने के निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें:  उत्तराखंड में फिल्म प्रेमियों और निर्माताओं के लिए बड़ी राहत, राज्य में फिल्म शूटिंग पर SGST की भरपाई करेगा सरकार, मल्टीप्लेक्स-सिनेमाघरों को मिलेगा लाभ...

 

उन्होंने कहा कि भड़काऊ सामग्री, कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों और संदिग्ध पोस्ट को समय रहते चिन्हित किया जाए। संवेदनशील एवं सांप्रदायिक मुद्दों से जुड़ी भ्रामक खबरों, छेड़छाड़ किए गए वीडियो, डीपफेक और अफवाहों का तत्काल आधिकारिक खंडन जारी करने के लिए प्रभावी फैक्ट-चेक व्यवस्था बनाए रखने को भी कहा गया।

 

बैठक में महानिदेशक अभिसूचना एवं सुरक्षा अभिनव कुमार, आईजी एसटीएफ नीलेश आनंद भरणे, आईजी कार्मिक सुनील कुमार मीणा, आईजी पीएंडएम/मुख्यालय बरिंदरजीत सिंह, एसपी अभिसूचना मणिकांत मिश्रा, एसपी सुरक्षा/एटीएस सरिता डोबाल, एएसपी क्राइम लोकजीत सिंह, एएसपी अभिसूचना/सुरक्षा अंकुश मिश्रा, डीएसपी सुरक्षा जी.डी. जोशी, डीएसपी अभिसूचना मनोज असवाल समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। सभी जनपदों के प्रभारी अभिसूचना वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक से जुड़े।

Ad