बुजुर्ग महिला से झपटा गया सोने का कुंडल बरामद, 48 घंटे के भीतर पुलिस ने दबोचे दो आरोपी…

IMG-20260801-WA0017
खबर शेयर करें -

हल्द्वानी। मुखानी क्षेत्र में बुजुर्ग महिला के कान से सोने का कुंडल झपटकर फरार हुए दो आरोपियों को नैनीताल पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर मामले का सफल खुलासा कर दिया। आरोपियों के कब्जे से लूटा गया सोने का कुंडल भी बरामद कर लिया गया है। इस शानदार कार्रवाई पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल मंजूनाथ टीसी ने पुलिस टीम को ₹2,500 के नगद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है।

 

30 जुलाई 2026 को जगतपुरम कॉलोनी, हिम्मतपुर मल्ला निवासी चम्पा देवी ने थाना मुखानी में शिकायत दर्ज कराई थी कि दो अज्ञात युवकों ने उनकी बुजुर्ग सास के कान से सोने का कुंडल झपट लिया और मौके से फरार हो गए। शिकायत के आधार पर थाना मुखानी में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

यह भी पढ़ें:  चारधाम यात्रा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, सुरक्षा-सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता, सीएम धामी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से की चारधाम यात्रा–2026 की समीक्षा, संवेदनशील क्षेत्रों में अलर्ट रहने के निर्देश...

 

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी ने एसपी सिटी हल्द्वानी मनोज कत्याल को तत्काल विशेष टीम गठित कर शीघ्र खुलासा करने के निर्देश दिए। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक सुशील जोशी और एसओजी प्रभारी मोहन सोन के नेतृत्व में मुखानी पुलिस व एसओजी की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की।

 

पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें दो संदिग्ध युवक दिखाई दिए। उनकी पहचान के लिए मैन्युअल और तकनीकी सर्विलांस का सहारा लिया गया। लगातार प्रयासों के बाद 1 अगस्त 2026 को पुलिस ने रिलायंस मॉल के पीछे आम के बगीचे में घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

यह भी पढ़ें:  सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप में ब्लॉगर बिरजू मियाल गिरफ्तार, संयुक्त अस्पताल प्रशासन की तहरीर पर मुकदमा दर्ज, पुलिस ने हिरासत में लेकर शुरू की आगे की कार्रवाई...

 

गिरफ्तार आरोपियों में 22 वर्षीय अजय पुत्र शांति स्वरूप और 20 वर्षीय सूरज जोशी पुत्र नरेंद्र जोशी, दोनों निवासी बिल्सी, जनपद बदायूं (उत्तर प्रदेश) शामिल हैं। तलाशी के दौरान आरोपी अजय के कब्जे से झपटा गया सोने का कान का कुंडल बरामद हुआ। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी भी की गई है।

यह भी पढ़ें:  उत्तराखंड में फिल्म प्रेमियों और निर्माताओं के लिए बड़ी राहत, राज्य में फिल्म शूटिंग पर SGST की भरपाई करेगा सरकार, मल्टीप्लेक्स-सिनेमाघरों को मिलेगा लाभ...

 

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि वे गली-गली घूमकर कबाड़ बीनने का काम करते हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी अजय के खिलाफ उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में पहले से भी आपराधिक मुकदमा दर्ज है तथा उसके अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।

 

इस सफल कार्रवाई में मुखानी पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम के अधिकारियों एवं जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी ने पूरी टीम की सराहना करते हुए उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए ₹2,500 के नगद पुरस्कार की घोषणा की है।

Ad