आपदा प्रभावित खैनूरी गांव की सड़क होगी जल्द बहाल, मुख्यमंत्री धामी ने दिए तत्काल कार्रवाई के निर्देश…

FB_IMG_1785756072281
खबर शेयर करें -

 

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चमोली जनपद के दशोली विकासखंड स्थित खैनूरी गांव को जोड़ने वाली सड़क के आपदा के कारण क्षतिग्रस्त होने का तत्काल संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को शीघ्र मरम्मत कर आवागमन सुचारु करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि आपदा प्रभावित क्षेत्रों में जनसुविधाओं की बहाली सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

 

दरअसल, खैनूरी गांव के ग्रामीणों ने दूरभाष के माध्यम से मुख्यमंत्री से संपर्क कर सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त होने की जानकारी दी। ग्रामीणों ने बताया कि सड़क टूटने से गांव के लगभग 120 परिवारों का संपर्क प्रभावित हो गया है और उन्हें दैनिक आवागमन सहित आवश्यक सेवाओं तक पहुंचने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

 

ग्रामीणों की समस्या सुनते ही मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी चमोली और संबंधित विभागीय अधिकारियों को सड़क की तत्काल मरम्मत शुरू करने तथा सुरक्षित एवं सुचारु आवागमन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से मौके का निरीक्षण कर स्थिति का आकलन करने और आवश्यकता अनुसार सभी जरूरी कदम उठाने को भी कहा।

 

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के प्रत्येक नागरिक की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने निर्देश दिए कि आपदा प्रभावित क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, विद्युत और अन्य मूलभूत सुविधाओं की बहाली के कार्यों में तेजी लाई जाए तथा सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए राहत एवं पुनर्स्थापना कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करें।

 

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों से मिलने वाली शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण किया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि शासन-प्रशासन की जिम्मेदारी केवल निर्देश देने तक सीमित नहीं है, बल्कि समस्याओं का प्रभावी समाधान धरातल पर दिखाई देना चाहिए।

 

मुख्यमंत्री ने दोहराया कि आपदा प्रभावित क्षेत्रों में सामान्य जनजीवन को जल्द से जल्द पटरी पर लाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए सभी संबंधित विभाग पूरी तत्परता और जवाबदेही के साथ कार्य करें।

Ad