हल्द्वानी के विकास कार्यों पर मंत्री राम सिंह कैड़ा सख्त, बोले, पहले पुरानी सड़कें दुरुस्त करें, फिर होगी नई खुदाई…

हल्द्वानी। उत्तराखंड के शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा ने बुधवार को काठगोदाम स्थित सर्किट हाउस सभागार में हल्द्वानी नगर निगम क्षेत्र में संचालित विकास कार्यों की समीक्षा बैठक कर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिन विभागों ने पेयजल, सीवर, बिजली, गैस पाइपलाइन, ऑप्टिकल फाइबर या अन्य कार्यों के लिए सड़कें खोदी हैं, वे पहले उन्हें गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ववत करें, उसके बाद ही नई सड़कों की खुदाई की जाए।
बैठक में मंत्री ने मानसून के मद्देनज़र जलभराव, कीचड़ और यातायात बाधित होने की संभावनाओं पर गंभीर चिंता जताई। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को नालों की सफाई, डिसिल्टिंग, अवरोध हटाने, निचले इलाकों में पंपिंग व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा वैकल्पिक मार्ग चिन्हित करने के निर्देश दिए। साथ ही वार्डवार क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, इंटरलॉकिंग टाइल्स बिछाने और नाली निर्माण कार्य में तेजी लाने को कहा।
मंत्री ने कहा कि हल्द्वानी का विकास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ड्रीम प्रोजेक्ट का हिस्सा है और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में नगर के समग्र विकास के लिए 2200 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली है। इस धनराशि से विभिन्न विभागों के माध्यम से आधुनिक और सुव्यवस्थित हल्द्वानी का निर्माण किया जाएगा, जिससे शहर को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी।
उन्होंने नगर निगम क्षेत्र में फुटपाथ और सड़कों पर अवैध अतिक्रमण हटाने, वेंडिंग जोन चिन्हित करने तथा विकास कार्यों की साप्ताहिक प्रगति रिपोर्ट नगर आयुक्त कार्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही नगर आयुक्त को नियमित स्थलीय निरीक्षण करने और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक के बाद शहरी विकास मंत्री ने एडीबी के तहत चल रहे विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण भी किया। काठगोदाम स्थित कालटैक्स क्षेत्र में सीवरेज, नहर, सड़क और गैस पाइपलाइन निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने जल निगम के अधिकारियों को सड़क पर बने गड्ढों को तत्काल भरकर मार्ग को पूर्ववत करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा मंत्री ने जमरानी बांध परियोजना के तहत बन रही नहर की सुरक्षा के लिए कवरिंग का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए। सड़क किनारे चल रहे निर्माण कार्यों के दौरान पर्याप्त सुरक्षा घेराबंदी, चेतावनी संकेतक और साइनेज लगाने पर भी विशेष जोर दिया, ताकि मानसून के दौरान आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
बैठक में नगर आयुक्त परितोष वर्मा, एडीबी मैनेजर कुलदीप, लोक निर्माण विभाग, जल संस्थान, पेयजल निगम, विद्युत विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
