अच्छी खबर–एक घंटे में देहरादून से पिथौरागढ़, हवाई सेवा का शुभारंभ, पहाड़ों को मिली नई रफ्तार…

देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज जॉलीग्रांट एयरपोर्ट से देहरादून-पिथौरागढ़-देहरादून विमान सेवा का विधिवत शुभारंभ किया। रामनवमी के पावन अवसर पर शुरू हुई इस 42-सीटर विमान सेवा से अब पिथौरागढ़ और देहरादून के बीच की दूरी महज एक घंटे में तय की जा सकेगी।
मुख्यमंत्री ने इस मौके पर कहा कि यह सेवा न केवल आम जनता के लिए सुविधाजनक है, बल्कि सामरिक दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि एक समय हवाई यात्रा केवल संपन्न वर्ग तक सीमित थी, लेकिन आज नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आम नागरिक भी सस्ती दरों पर हवाई यात्रा का लाभ उठा रहा है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2016 में शुरू की गई UDAN योजना ने देश में नागरिक उड्डयन के क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव लाया है। अब छोटे शहरों और दूरस्थ क्षेत्रों को भी हवाई नेटवर्क से जोड़ा जा रहा है। हाल ही में केंद्र सरकार द्वारा UDAN 2.0 को मंजूरी दी गई है, जिसके तहत अगले 10 वर्षों में 29 हजार करोड़ रुपये की लागत से 100 नए हवाई अड्डे और 200 हेलीपैड विकसित किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य के लिए हवाई सेवाएं जीवन रेखा बन चुकी हैं। दुर्गम इलाकों में आवश्यक सामग्री पहुंचाने से लेकर गंभीर मरीजों को समय पर इलाज के लिए बड़े अस्पतालों तक पहुंचाने में ये सेवाएं बेहद कारगर साबित हो रही हैं।
उन्होंने जानकारी दी कि वर्तमान में UDAN योजना के तहत राज्य में 26 हवाई मार्ग संचालित हो रहे हैं। साथ ही, 2023 में शुरू की गई “उत्तराखंड एयर कनेक्टिविटी योजना” के अंतर्गत 6 हवाई मार्गों पर नियमित उड़ानें चल रही हैं। बीते चार वर्षों में राज्य में हेलिपोर्ट्स की संख्या 2 से बढ़कर 12 और हेलीपैड की संख्या 60 से बढ़कर 118 हो गई है। उत्तराखंड को “बेस्ट स्टेट फॉर प्रमोशन ऑफ एविएशन इकोसिस्टम” का राष्ट्रीय सम्मान भी मिल चुका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस नई सेवा से पिथौरागढ़ की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने बताया कि पिथौरागढ़ और मुनस्यारी के बीच हेली सेवा भी शुरू की गई है। इसके साथ ही पिथौरागढ़ हवाई अड्डे के विकास के लिए 450 करोड़ रुपये की योजना पर काम जारी है।
समारोह के दौरान केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू ने वीडियो संदेश के माध्यम से अपनी शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी उपस्थित रहे।
इस नई हवाई सेवा से उत्तराखंड के सीमांत क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
