ऑपरेशन प्रहार का असर: काठगोदाम पुलिस ने दो मामलों में वांछित वारंटी दबोचा, न्यायालय में किया पेश…
हल्द्वानी/काठगोदाम। नैनीताल पुलिस द्वारा अपराधियों और वारंटियों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत काठगोदाम पुलिस को एक और सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में चल रहे अभियान के दौरान पुलिस टीम ने दो मामलों में वांछित एक वारंटी अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, 08 जुलाई 2026 को उपनिरीक्षक कुमकुम धानिक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने न्यायालय से जारी गिरफ्तारी वारंट का पालन करते हुए कैलाश मर्तोलिया पुत्र स्वर्गीय के.आर. मर्तोलिया, निवासी जवाहर ज्योति, मल्ला प्लॉट, दमुवाढूंगा, काठगोदाम (जनपद नैनीताल) को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध फौजदारी वाद संख्या 3211/19 एवं वाद संख्या 6073/17 में धारा 138 एनआई एक्ट के तहत न्यायालय द्वारा गिरफ्तारी वारंट जारी किए गए थे। पुलिस ने आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद अभियुक्त को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में चल रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत जनपद भर में वारंटियों और अपराधियों की धरपकड़ लगातार जारी है। पुलिस का कहना है कि कानून से बचने वाले आरोपियों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह सख्ती के साथ जारी रहेगा।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक कुमकुम धानिक, हेड कांस्टेबल भुवन चंद्र और हेड कांस्टेबल शैलेन्द्र सिंह शामिल रहे।
