पुलिस मुख्यालय देहरादून में वरिष्ठ अधिकारियों के सम्मान में गरिमामय विदाई समारोह…
देहरादून। अधिवर्षता आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्त होने के अवसर पर पुलिस महानिरीक्षक श्री एन.एस. नपलच्याल एवं पुलिस उपाधीक्षक श्री नवीन चन्द्र सेमवाल के सम्मान में आज पुलिस मुख्यालय, देहरादून स्थित सभागार में एक गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया।
समारोह में पुलिस महानिदेशक उत्तराखण्ड श्री दीपम सेठ, अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) श्री वी. मुरुगेशन, अपर पुलिस महानिदेशक (प्रशासन) श्री ए.पी. अंशुमान सहित अनेक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने दोनों अधिकारियों की गौरवशाली सेवा यात्रा, कर्तव्यनिष्ठा, नेतृत्व क्षमता एवं अनुकरणीय कार्यशैली की सराहना करते हुए उन्हें एक समर्पित एवं प्रेरणादायी पुलिस अधिकारी बताया।
अपने संबोधन में पुलिस महानिदेशक श्री दीपम सेठ ने कहा कि सेवानिवृत्त हो रहे दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रत्येक दायित्व को पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी एवं गरिमा के साथ निभाया है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि उनके अनुभव और मार्गदर्शन का लाभ भविष्य में भी उत्तराखण्ड पुलिस को मिलता रहेगा। साथ ही उन्होंने उत्तराखण्ड पुलिस परिवार की ओर से दोनों अधिकारियों के उज्ज्वल, स्वस्थ एवं सक्रिय भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं।
इस अवसर पर श्री एन.एस. नपलच्याल एवं श्री नवीन चन्द्र सेमवाल ने समारोह में उपस्थित सभी अधिकारियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सहकर्मियों के सहयोग, समर्थन एवं टीम भावना के कारण ही वे अपने दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर सके।
समारोह के अंत में पुलिस महानिदेशक द्वारा दोनों अधिकारियों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
