जनता के कमिश्नर’ बने दीपक रावत: एक ही जनसुनवाई में लौटवाए ₹9.5 लाख, वेतन भुगतान से लेकर भूमि विवाद तक कई मामलों का कराया समाधान…

IMG-20260801-WA00751
खबर शेयर करें -

 

 

हल्द्वानी। कुमाऊँ आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने शनिवार को कैंप कार्यालय में आयोजित जनता दरबार में जनसमस्याओं की सुनवाई करते हुए कई मामलों का मौके पर ही समाधान कराया। भूमि विवाद, बकाया धनराशि, वेतन भुगतान, बैंक ऋण, चोरी और सड़क चौड़ीकरण जैसे मामलों पर अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

 

सबसे चर्चित मामले में काठगोदाम निवासी मीरा पंत को लंबे समय से फंसी धनराशि वापस दिलाई गई। मीरा पंत ने तपोवन क्षेत्र में भूमि खरीदने के लिए प्रमोद नामक व्यक्ति को 11 लाख रुपये दिए थे, लेकिन न तो भूमि मिली और न ही पैसा वापस हुआ।

 

पिछले जनता दरबार में दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया गया था, जिसके तहत पहले 7 लाख रुपये लौटाए गए। शनिवार को 2.5 लाख रुपये और वापस कराए गए। आयुक्त ने शेष 1.5 लाख रुपये सितंबर 2026 तक हर हाल में लौटाने के निर्देश दिए। अपनी मेहनत की कमाई वापस मिलने पर मीरा पंत ने आयुक्त का आभार व्यक्त किया।

यह भी पढ़ें:  आतंकवाद से चुनाव तक सुरक्षा पर डीजीपी सख्त, सोशल मीडिया पर 24 घंटे निगरानी के निर्देश...

 

जनसुनवाई के दौरान तनुजा पाण्डेय, ऑक्यूपेशनल थेरेपिस्ट, जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र नैनीताल तथा अन्य नौ कर्मचारियों ने फरवरी और मार्च 2026 से लंबित वेतन का मुद्दा उठाया। कर्मचारियों ने बताया कि नियमित सेवाएं देने के बावजूद उन्हें वेतन नहीं मिला, जिससे आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। मामले को गंभीरता से लेते हुए आयुक्त ने निदेशक, समाज कल्याण से वार्ता कर एक सप्ताह के भीतर लंबित वेतन जारी करने के निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें:  उत्तराखंड में फिल्म प्रेमियों और निर्माताओं के लिए बड़ी राहत, राज्य में फिल्म शूटिंग पर SGST की भरपाई करेगा सरकार, मल्टीप्लेक्स-सिनेमाघरों को मिलेगा लाभ...

 

एक अन्य मामले में सद्भावना कॉलोनी निवासी मंजू जोशी ने शिकायत की कि वर्ष 2016 से उनके भवन को बैंक में बंधक रखकर 38 लाख रुपये का सीसी लोन लिया गया था। अब तक केवल 16 लाख रुपये ही जमा किए गए हैं, जबकि खाते से लगातार निकासी होने के कारण भवन बंधकमुक्त नहीं हो पा रहा है। इस पर आयुक्त ने संबंधित बैंक को सीसी लोन खाता बंद कर केवल ऋण जमा करने की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा शेष करीब 22 लाख रुपये तीन माह के भीतर जमा कराने के निर्देश दिए, ताकि भवन को बंधकमुक्त कराया जा सके।

 

जनसुनवाई में अन्य मामलों में भी त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए। किरण डालाकोटी की चोरी गई धनराशि वापस दिलाने, हेमा पचवाड़ी की पड़ोसी द्वारा कथित मानसिक उत्पीड़न की शिकायत, नागेंद्र चन्द्र की ज्वेलरी शॉप चोरी के मामले तथा हिमांशु डालाकोटी द्वारा रामपुर रोड के मुख्य मार्ग के चौड़ीकरण से जुड़ी समस्याओं पर संबंधित अधिकारियों को शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

यह भी पढ़ें:  सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप में ब्लॉगर बिरजू मियाल गिरफ्तार, संयुक्त अस्पताल प्रशासन की तहरीर पर मुकदमा दर्ज, पुलिस ने हिरासत में लेकर शुरू की आगे की कार्रवाई...

 

जनता दरबार के दौरान कुमाऊँ आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि आम जनता की शिकायतों का समयबद्ध, निष्पक्ष और प्रभावी समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का संवेदनशीलता के साथ निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

Ad