दन्या से मुख्यमंत्री धामी का बड़ा संदेश: विकास, पर्यटन और सांस्कृतिक विरासत को मिलेगी नई उड़ान, कई महत्वपूर्ण घोषणाएं…

0
FB_IMG_1782114214848
खबर शेयर करें -

 

अल्मोड़ा, दन्या। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को अल्मोड़ा जनपद के दन्या स्थित रामलीला मैदान में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास और समृद्धि के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है तथा उत्तराखण्ड भी तेजी से प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है।

 

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने राजकीय महाविद्यालय दन्या में लगभग ₹4.96 करोड़ की लागत से निर्मित नए भवन का लोकार्पण किया। साथ ही क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। इनमें शहीद बीरेश्वर गोस्वामी के नाम पर अल्मोड़ा में भव्य द्वार का निर्माण, चमतोला खेल मैदान का विकास,

 

राजकीय महाविद्यालय गरुड़ाबाँज में मिनी स्टेडियम का निर्माण, जीआईसी गरुड़ाबाँज में चार अतिरिक्त कक्षा-कक्षों का निर्माण, प्रेम मंदिर एवं राधा-कृष्ण मंदिर परिसर का सौंदर्यीकरण, खेती-जटेश्वर मोटर मार्ग से कलूटा पोलिंग बूथ तक सड़क निर्माण तथा राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चगेठी के उच्चीकरण जैसी योजनाएं शामिल हैं।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखण्ड की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड को वैश्विक आध्यात्मिक केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है और केदारखंड तथा मानसखंड में बढ़ती पर्यटन गतिविधियों के कारण बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं पर्यटक राज्य का रुख कर रहे हैं।

 

उन्होंने बताया कि श्री जागेश्वर धाम के मूल स्वरूप को सुरक्षित रखते हुए जागेश्वर मास्टर प्लान के अंतर्गत विकास और सौंदर्यीकरण के कार्य किए जा रहे हैं। पार्किंग क्षमता बढ़ाने के साथ-साथ धाम को आधुनिक सुविधाओं से भी सुसज्जित किया जा रहा है।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ आयुर्वेद और योग आधारित पर्यटन के क्षेत्र में भी व्यापक स्तर पर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन फेस्टिवल’ की अवधारणा के तहत मेलों और स्थानीय सांस्कृतिक आयोजनों को नई पहचान दी जा रही है।

 

कार्यक्रम में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से प्रदेश का सर्वांगीण विकास हो रहा है। उन्होंने उत्तराखण्ड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के लिए सभी से मिलकर कार्य करने का आह्वान किया।

 

जनसभा के बाद मुख्यमंत्री दन्या निवासी पवन पंत के आवास पहुंचे, जहां उन्होंने श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण कर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना की।

 

इस अवसर पर विधायक मोहन सिंह महरा, जिला पंचायत अध्यक्ष हेमा गैड़ा, गंगा बिष्ट, कुंदन लटवाल, जिलाधिकारी अंशुल सिंह, एसएसपी चंद्रशेखर आर. घोड़के, भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Ad Ad Ad

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *