बिग ब्रेकिंग–सोलर प्लांट शिकायत में महिला को दिलाए 58 हजार रुपये, महिला बोली थैंक्यू कमिश्नर, भूमि और कब्जे के मामलों पर अधिकारियों को सख्त निर्देश..

जनसुनवाई में आयुक्त दीपक रावत का सख्त संदेश: छोटी समस्याओं के लिए जनता को न करना पड़े भटकाव, अधिकारियों को मौके पर समाधान के निर्देश।
हल्द्वानी। कुमाऊं आयुक्त एवं सचिव माननीय मुख्यमंत्री श्री दीपक रावत ने शनिवार को आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में भूमि विवाद, सोलर प्लांट, चिकित्सा लापरवाही, चालान, भूमि कब्जा और अन्य जनसमस्याओं से जुड़े मामलों की सुनवाई करते हुए अधिकांश मामलों का मौके पर ही समाधान कराया। जनसुनवाई में पहुंचे फरियादियों की समस्याएं सुनते हुए आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
आयुक्त श्री रावत ने कहा कि दूरदराज से लोग छोटी-छोटी समस्याओं को लेकर जनसुनवाई में पहुंच रहे हैं। बिजली-पानी की समस्या, अतिक्रमण, भूमि कब्जा, बढ़े हुए बिल, प्लॉट बेचकर कब्जा न देना, पुलिस द्वारा रिपोर्ट दर्ज न करना तथा मजदूरों के उत्पीड़न जैसे मामलों का समाधान चौकी, ब्लॉक और तहसील स्तर पर आसानी से किया जा सकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनहित से जुड़े मामलों का निस्तारण अपने स्तर पर प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करें।
जनसुनवाई के दौरान रामनगर निवासी बसंती देवी ने शिकायत की कि वर्ष 2021 में उनके घर पर लगाया गया सोलर प्लांट अधूरा छोड़ दिया गया था, जिसके कारण वह बिजली उत्पादन नहीं कर रहा था। कई बार शिकायत करने के बावजूद समाधान नहीं हुआ। इस पर आयुक्त ने संबंधित कंपनी के प्रतिनिधि को तलब किया और आपसी सहमति से बसंती देवी को 58 हजार रुपये की धनराशि वापस दिलाई।
वहीं जानकी देवी ने हल्दूचौड़ स्थित अपने प्लॉट के रास्ते को लेकर शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि भूमि खरीदते समय 28 फीट चौड़ा सरकारी मार्ग दिखाया गया था, जबकि रजिस्ट्री में मार्ग की चौड़ाई 16 फीट दर्ज की गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए आयुक्त ने संबंधित पटवारी को मौके की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
हल्द्वानी निवासी हरीश चन्द्र ने सुंदरम् फाइनेंस द्वारा डम्पर जब्त किए जाने की शिकायत की। सुनवाई के दौरान दोनों पक्षों में सहमति बनी और वाहन स्वामी द्वारा बकाया किस्तें जमा करने तथा कंपनी द्वारा नियमानुसार रियायत देने पर मामला सुलझा लिया गया।
पिछली जनसुनवाई में नत्थू देवी द्वारा अपनी लापता पुत्री को खोजने के लिए पुलिस की निष्क्रियता की शिकायत की गई थी। आयुक्त के निर्देशों के बाद पुलिस ने युवती को खोज निकाला। नत्थू देवी ने इसके लिए आयुक्त और पुलिस विभाग का आभार व्यक्त किया।
इसके अतिरिक्त जनसुनवाई में निजी चिकित्सालय द्वारा उपचार में लापरवाही, कॉलोनी में लगाई गई वायर फेंसिंग हटाने तथा मार्ग अवरुद्ध करने जैसे मामलों की भी सुनवाई की गई। आयुक्त ने अधिकांश समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण कराया।
जनसुनवाई के दौरान आयुक्त दीपक रावत ने भूमि खरीद-बिक्री से जुड़े मामलों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि कई मामलों में विक्रेता ऐसी भूमि बेच रहे हैं जिस पर उनका कब्जा ही नहीं है। साथ ही कुछ राजस्व कर्मियों द्वारा बिना मौके का निरीक्षण किए चौहद्दी और दाखिल-खारिज की कार्रवाई कर दी जाती है, जिससे बाद में खरीदारों को भारी परेशानी उठानी पड़ती है। उन्होंने ऐसे मामलों को गंभीरता से लेते हुए मंडल के सभी जिलाधिकारियों को लापरवाह राजस्व कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
आयुक्त ने देर शाम तक जनता की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
