हरिद्वार में ₹1129.91 करोड़ की योजनाओं की सौगात, अमित शाह ने 39 परियोजनाओं का किया लोकार्पण-शिलान्यास…
हरिद्वार। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री Amit Shah ने शनिवार को Haridwar में आयोजित “जन-जन की सरकार, चार साल बेमिसाल” कार्यक्रम के दौरान राज्य को ₹1129.91 करोड़ की विभिन्न विकास योजनाओं की सौगात दी। इस अवसर पर उन्होंने ₹1014.81 करोड़ की 22 योजनाओं का शिलान्यास और ₹115.10 करोड़ की 17 योजनाओं का लोकार्पण किया।
कार्यक्रम के दौरान सहकारिता, गृह, आपदा प्रबंधन, कारागार प्रशासन, होमगार्ड्स और नियोजन विभाग से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की शुरुआत की गई।
लोकार्पित परियोजनाओं में सहकारिता विभाग के अंतर्गत मुख्यमंत्री घस्यारी कल्याण योजना के तहत टीएमआर प्लांट, देहरादून पुलिस लाइन में 46 आवासीय भवन, पौड़ी गढ़वाल और उत्तरकाशी में पुलिस भवन व आवास, टिहरी के पीटीसी नरेंद्रनगर में एकेडमिक ब्लॉक और छात्रावास, नैनीताल, टिहरी, अल्मोड़ा, बागेश्वर और चम्पावत जिलों में पुलिस आवासीय भवन शामिल हैं। इसके अलावा हरिद्वार जिला कारागार में आवासीय भवन, हाई सिक्योरिटी बैरक और विभिन्न जेलों में वीसी क्यूबिकल्स का भी लोकार्पण किया गया।
वहीं शिलान्यास की गई परियोजनाओं में देहरादून पुलिस लाइन में 360 आवासों का निर्माण, आईआरबी द्वितीय देहरादून में 120 आवास, हरिद्वार में अभियोजन विभाग का कार्यालय भवन, विभिन्न जिलों की कारागारों में आवासीय भवनों का निर्माण तथा होमगार्ड्स कार्यालय भवन शामिल हैं।
इसके साथ ही आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विभाग के तहत विश्व बैंक पोषित योजनाओं के अंतर्गत अल्मोड़ा और चमोली में मोटर पुलों के निर्माण तथा आपदा प्रभावित Joshimath क्षेत्र में भू-स्खलन प्रभावित इलाकों के स्लोप स्टेबलाइजेशन और ड्रेनेज कार्यों की भी आधारशिला रखी गई।
नियोजन विभाग के अंतर्गत हरिद्वार गंगा कॉरिडोर परियोजना के तहत रोड़ीबेलवाला क्षेत्र के विकास और सतीकुंड पुनर्विकास कार्य का भी शिलान्यास किया गया।
इस अवसर पर कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर उत्तराखण्ड के विकास को नई गति दे रही हैं और आने वाले समय में राज्य में आधारभूत सुविधाओं को और मजबूत किया जाएगा।
