36 नायब तहसीलदारों को CM धामी ने सौंपे नियुक्ति पत्र, 13 बेटियों ने बढ़ाया उत्तराखंड का मान; बोले- जनसेवा को बनाएं प्राथमिकता…

FB_IMG_1795593717924
खबर शेयर करें -

 

 

 

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज शासकीय आवास पर उत्तराखंड लोक सेवा आयोग के माध्यम से चयनित 36 नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। खास बात यह रही कि चयनित 36 अभ्यर्थियों में 13 बेटियां भी शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि इन बेटियों की सफलता प्रदेश की अन्य युवतियों के लिए भी प्रेरणा बनेगी।

 

 

मुख्यमंत्री धामी ने नवनियुक्त अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि नायब तहसीलदार राजस्व प्रशासन की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनके निर्णयों का सीधा संबंध आमजन की भूमि, आजीविका और अधिकारों से जुड़ा होता है। इसलिए नामांतरण, पैमाइश, सीमांकन और राजस्व अभिलेखों से संबंधित मामलों का निस्तारण पूरी सावधानी, संवेदनशीलता और निर्धारित समयसीमा में किया जाना चाहिए।

 

उन्होंने कहा कि किसान के लिए उसकी जमीन केवल संपत्ति नहीं, बल्कि पूरे परिवार की आजीविका और बच्चों के भविष्य का आधार होती है। ऐसे में अधिकारियों को प्रत्येक मामले का निस्तारण करते समय संबंधित परिवार की परिस्थितियों और समस्याओं को भी समझना चाहिए।

 

 

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि तहसील में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की समस्या धैर्यपूर्वक सुनी जाए और उसे आवश्यक दस्तावेजों एवं निर्धारित प्रक्रिया की स्पष्ट जानकारी दी जाए। प्रयास होना चाहिए कि आम लोगों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए बार-बार तहसीलों के चक्कर न लगाने पड़ें।

 

उन्होंने विशेष रूप से पर्वतीय क्षेत्रों के दूरस्थ गांवों से आने वाले बुजुर्गों और दिव्यांगजनों की समस्याओं के त्वरित समाधान पर जोर दिया।

 

 

सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए आपदा के दौरान राजस्व अधिकारियों की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है। आपदा से हुए नुकसान का सही एवं समयबद्ध आकलन किया जाना चाहिए, ताकि प्रभावित परिवारों को नियमानुसार राहत समय पर उपलब्ध कराई जा सके।

 

 

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि प्रदेश सरकार भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। सभी नवनियुक्त अधिकारी अपने सेवाकाल में किसी भी तरह के दबाव, सिफारिश या प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना नियम, कानून और तथ्यों के आधार पर निर्णय लें।

 

उन्होंने प्रदेश सरकार के मूल मंत्र ‘सरलीकरण, समाधान, निस्तारण और संतुष्टिकरण’ को अपनी कार्यशैली का हिस्सा बनाने की अपील की। साथ ही कहा कि नागरिकों को उनके आवेदनों की स्थिति की स्पष्ट जानकारी मिलनी चाहिए और सरकारी प्रक्रियाओं को अधिक सरल बनाया जाना चाहिए।

 

 

मुख्यमंत्री ने भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता का जिक्र करते हुए कहा कि युवाओं की मेहनत और उनके भविष्य की रक्षा के लिए राज्य सरकार ने सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया है। उन्होंने बताया कि पिछले पांच वर्षों में प्रदेश के 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं।

 

 

इस अवसर पर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने भी नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि सरकारी सेवा केवल नौकरी नहीं, बल्कि जनसेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। अधिकारियों को इस सोच के साथ काम करना चाहिए कि राजस्व प्रशासन के जरिए आमजन को अधिकतम लाभ कैसे पहुंचाया जा सकता है।

 

उन्होंने कहा कि विशेष रूप से उन लोगों के प्रति अधिकारियों की जिम्मेदारी अधिक है, जिनकी पहुंच और उम्मीदें केवल तहसील स्तर तक ही सीमित हैं।

 

कार्यक्रम में सचिव राजस्व एस.एन. पाण्डेय, सचिव एवं आयुक्त राजस्व परिषद रंजना राजगुरु सहित राजस्व विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Ad Ad