बिग ब्रेकिंग–धारी में 30 हजार की रिश्वत लेते पटवारी रंगे हाथ गिरफ्तार, भूमि नाप के नाम पर मांगी थी रकम…
नैनीताल। जिले की धारी तहसील में भ्रष्टाचार के खिलाफ सतर्कता अधिष्ठान ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पटवारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। सतर्कता टीम ने पटवारी निर्मल बोरा को शिकायतकर्ता से 30 हजार रुपये की कथित रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम मौड़ा, तहसील धारी निवासी एक व्यक्ति अपनी भूमि की नाप कराने के लिए पटवारी निर्मल बोरा के संपर्क में आया था। आरोप है कि भूमि की नाप कराने के एवज में पटवारी द्वारा उससे रिश्वत की मांग की गई। शिकायतकर्ता रिश्वत देने के पक्ष में नहीं था, जिसके बाद उसने मामले की शिकायत सतर्कता अधिष्ठान की टोल फ्री हेल्पलाइन 1064 पर की।
शिकायत प्राप्त होने के बाद सतर्कता अधिष्ठान ने मामले की गोपनीय जांच कराई। जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने के बाद थाना सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर नैनीताल-हल्द्वानी में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
इसके बाद पुलिस अधीक्षक सतर्कता अधिष्ठान के निर्देश पर निरीक्षक के नेतृत्व में विशेष ट्रैप टीम गठित की गई। टीम ने 26 सितंबर 2026 को तहसील धारी में नियोजित कार्रवाई करते हुए पटवारी निर्मल बोरा को शिकायतकर्ता से 30 हजार रुपये लेते हुए मौके पर गिरफ्तार कर लिया।
सतर्कता अधिष्ठान की इस कार्रवाई के बाद सरकारी काम के बदले रिश्वत मांगने वालों के खिलाफ सख्त संदेश गया है। विभाग की ओर से कहा गया है कि भ्रष्टाचार संबंधी शिकायतों को गंभीरता से लिया जा रहा है और शिकायतों की पुष्टि होने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
सतर्कता अधिष्ठान के निदेशक डॉ. वी. मुरूगेशन ने कार्रवाई करने वाली ट्रैप टीम के उत्साहवर्धन के लिए उसे नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है। उन्होंने आम लोगों से भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सहयोग करने की अपील की है।
विभाग ने नागरिकों से किसी भी सरकारी कार्य के लिए रिश्वत मांगने की स्थिति में सतर्कता अधिष्ठान की टोल फ्री हेल्पलाइन 1064 अथवा व्हाट्सऐप हेल्पलाइन 9456592300 पर शिकायत करने की अपील की है।