पशुपालकों को मुकेश बोरा की बड़ी सौगात: फरवरी से दूध खरीद मूल्य में ₹3 प्रति लीटर की बढ़ोतरी, 295.52 करोड़ का बजट पारित…

77वें वार्षिक अधिवेशन में 34 हजार दुग्ध उत्पादक परिवारों के हित में अहम फैसले, उत्कृष्ट पशुपालकों, सचिवों और विक्रेताओं को 6.50 लाख रुपये से अधिक के पुरस्कार वितरित…
हल्द्वानी। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लालकुआं के 77वें वार्षिक सामान्य निकाय अधिवेशन में पशुपालकों के हित में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। अध्यक्ष मुकेश बोरा की अध्यक्षता में आयोजित अधिवेशन में जहां 295 करोड़ 52 लाख रुपये का वार्षिक बजट पारित किया गया, वहीं आगामी फरवरी माह से दूध खरीद मूल्य में तीन रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी करने की घोषणा की गई। इस फैसले को क्षेत्र के करीब 34 हजार दुग्ध उत्पादक परिवारों के लिए बड़ी सौगात माना जा रहा है। इसके अलावा उत्कृष्ट कार्य करने वाले दुग्ध उत्पादकों, समिति सचिवों और दुग्ध विक्रेताओं को कुल 6 लाख 50 हजार 850 रुपये की पुरस्कार राशि चेक के माध्यम से वितरित की गई।
शनिवार को हल्द्वानी के पीलीकोठी स्थित संकल्प बैंक्वेट हॉल में आयोजित अधिवेशन का शुभारंभ नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद दिनेश आर्य ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में कालाढूंगी विधायक बंशीधर भगत, महापौर गजराज सिंह बिष्ट, प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह बिष्ट, राज्यमंत्री रेनू अधिकारी, राज्यमंत्री मोहन पाठक, पूर्व विधायक नवीन दुमका, प्रदेश महामंत्री दीपेंद्र कोश्यारी सहित दुग्ध विकास विभाग के अधिकारी और कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
अधिवेशन में दुग्ध संघ से जुड़ी 710 दुग्ध समितियों के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया। इन समितियों के माध्यम से जुड़े लगभग 34 हजार दुग्ध उत्पादक परिवारों की भागीदारी ने कार्यक्रम को महत्वपूर्ण बना दिया।
अधिवेशन में दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने वाले पशुपालकों को सम्मानित किया गया। मैदानी क्षेत्र महिला वर्ग में प्रभपाल सिंह को प्रथम पुरस्कार के रूप में 31 हजार रुपये, हिमानी बिष्ट को 25 हजार, पुष्पा बिष्ट को 21 हजार और दीपा बिष्ट को 17 हजार रुपये प्रदान किए गए। पर्वतीय क्षेत्र महिला वर्ग में कमला देवी को 25 हजार, गंगा देवी को 21 हजार और पुष्पा जोशी को 17 हजार रुपये देकर सम्मानित किया गया।
पुरुष वर्ग के मैदानी क्षेत्र में कृपाल सिंह को 25 हजार, जगपाल सिंह को 21 हजार और स्नेहपाल सिंह को 17 हजार रुपये दिए गए। वहीं पर्वतीय क्षेत्र में चिंतामणि को 25 हजार, श्याम नारायण को 21 हजार तथा कृपाल सिंह को 17 हजार रुपये का पुरस्कार प्रदान किया गया।
इसके अतिरिक्त आठ विकासखंडों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दुग्ध उत्पादकों को भी सम्मानित किया गया। बिंदुखत्ता क्षेत्र के नौ पुरुष और नौ महिला दुग्ध उत्पादकों सहित कुल 31 उत्पादकों को 3 लाख 74 हजार 850 रुपये के चेक वितरित किए गए। वहीं मैदानी एवं पर्वतीय क्षेत्रों के 10 समिति सचिवों और 15 दुग्ध विक्रेताओं को 2 लाख 76 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। संघ में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अनुभागाध्यक्षों और कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया।
अधिवेशन का सबसे महत्वपूर्ण आकर्षण दूध खरीद मूल्य में बढ़ोतरी की घोषणा रही। अध्यक्ष मुकेश बोरा ने दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा के दिशा-निर्देशों का उल्लेख करते हुए कहा कि आगामी फरवरी माह से दुग्ध उत्पादकों को दूध के खरीद मूल्य में तीन रुपये प्रति लीटर की अतिरिक्त बढ़ोतरी का लाभ दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि दुग्ध संघ का मुख्य उद्देश्य पशुपालकों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करना और दुग्ध व्यवसाय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है। संघ से जुड़े 34 हजार दुग्ध उत्पादक परिवारों का हित सर्वोपरि है। पशुपालकों के विश्वास को बनाए रखना और उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना संस्था की प्राथमिकता है।
मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद दिनेश आर्य ने दुग्ध संघ की कार्यप्रणाली और अध्यक्ष मुकेश बोरा के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सहकारी संस्थाओं की मजबूती ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। वहीं महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने हल्द्वानी नगर निगम क्षेत्र में शीघ्र ही आंचल मिल्क पार्लर खोलने का आश्वासन दिया। इससे शहरवासियों को गुणवत्तापूर्ण दुग्ध एवं दुग्ध उत्पाद उपलब्ध हो सकेंगे।
कार्यक्रम का संचालन प्रशासन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी ने किया। इस दौरान प्रशासनिक कार्यों में उनके योगदान की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित भी किया गया।
इस अवसर पर संचालक मंडल सदस्य गोविंद सिंह मेहता, कृष्ण कुमार शर्मा, आनंद सिंह नेगी, पुष्पा देवी, खष्टी देवी, दीपा देवी, हेमा देवी, दीपा देवी रैक्वाल और थान सिंह बिष्ट सहित दुग्ध संघ के सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, वित्त प्रभारी उमेश पठालनी, पीएंडआई प्रभारी सुभाष बाबू, सुरेश चंद्र, खलील अहमद तथा संघ के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

