नैनीताल के नए SSP अर्पण यदुवंशी का सख्त संदेश—अनुशासन से समझौता नहीं, जनता की शिकायतों का होगा प्राथमिकता से निस्तारण…

IMG-20261128-WA0198
खबर शेयर करें -

 

देर रात तक चली अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक, पुलिस मैस का किया औचक निरीक्षण; बोले, जनता का विश्वास जीतना और पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ाना हमारी प्राथमिकता..

 

नैनीताल। जनपद के नवागत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) अर्पण यदुवंशी ने कार्यभार संभालने के बाद से ही पुलिसिंग को बेहतर बनाने की दिशा में सक्रियता दिखानी शुरू कर दी है। इसी क्रम में उन्होंने देर रात तक जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारियों, थाना-चौकी प्रभारियों और विभिन्न शाखाओं के अधिकारियों के साथ परिचयात्मक एवं समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने कानून-व्यवस्था की स्थिति, क्षेत्रीय चुनौतियों और पुलिसिंग से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों की विस्तार से जानकारी ली।

 

बैठक के दौरान एसएसपी अर्पण यदुवंशी ने स्पष्ट संदेश दिया कि पुलिस विभाग में अनुशासन, जवाबदेही और जनसेवा सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता के बीच पुलिस की छवि बेहतर बनाने के साथ ही प्रत्येक फरियादी की शिकायत को गंभीरता से सुना जाए और उसका प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

यह भी पढ़ें:  इंस्पिरेशन पब्लिक स्कूल में सजा सुरों का मंच, ‘वॉइस ऑफ आई.पी.एस.’ में विद्यार्थियों ने बिखेरा गायकी का जादू...

 

एसएसपी ने कहा कि पुलिस विभाग में अनुशासन बेहद जरूरी है, लेकिन इसके साथ ही प्रत्येक पुलिसकर्मी को अपनी बात रखने और समस्याएं बताने का अवसर भी मिलना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने अधीनस्थ कर्मचारियों के साथ बेहतर संवाद स्थापित करें और उनकी समस्याओं का अपने स्तर से हरसंभव समाधान करें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कोई भी पुलिसकर्मी बिना झिझक अपनी समस्या उनके सामने रख सकता है।

 

 

नैनीताल एक प्रमुख पर्यटन जनपद है, जहां देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक और श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में पुलिसकर्मियों का व्यवहार शालीन, संवेदनशील और सहयोगात्मक होना चाहिए। एसएसपी ने कहा कि थाने, चौकी अथवा पुलिस कार्यालय में आने वाले प्रत्येक फरियादी की बात गंभीरता से सुनी जाए और उसे अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े। आमजन का पुलिस पर विश्वास कायम करना प्रत्येक पुलिस अधिकारी और कर्मचारी की जिम्मेदारी है।

यह भी पढ़ें:  पशुपालकों को मुकेश बोरा की बड़ी सौगात: फरवरी से दूध खरीद मूल्य में ₹3 प्रति लीटर की बढ़ोतरी, 295.52 करोड़ का बजट पारित...

 

 

एसएसपी ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय, जवाबदेही और टीम भावना के साथ काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनपद में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और बेहतर पुलिसिंग के लिए सभी अधिकारियों को एकजुट होकर कार्य करना होगा। आने वाली चुनौतियों का सामना सामूहिक प्रयासों और पूरी प्रतिबद्धता के साथ किया जाएगा।

 

 

समीक्षा बैठक के बाद एसएसपी अर्पण यदुवंशी ने कोतवाली परिसर स्थित पुलिस मैस का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मैस की व्यवस्थाओं, साफ-सफाई और स्वच्छता का जायजा लिया। संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मैस में बेहतर साफ-सफाई और उचित रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें:  कहानियों के मंचन से नन्हे-मुन्नों ने सीखी जीवन की बड़ी सीख, अनुराग अकादमी में स्टोरी एनेक्टमेंट एक्टिविटी का आयोजन...

 

एसएसपी ने स्पष्ट किया कि अच्छी पुलिसिंग के लिए आमजन के प्रति संवेदनशीलता और जवाबदेही जितनी जरूरी है, उतना ही आवश्यक पुलिस विभाग के भीतर अनुशासन, आपसी समन्वय और कर्मचारियों की सुविधाओं का ध्यान रखना भी है।

 

बैठक में एसपी सिटी हल्द्वानी हरबंस सिंह, एसपी संचार रेवाधर मठपाल, क्षेत्राधिकारी रविकांत सेमवाल, विमल प्रसाद, अंजना नेगी, लव शर्मा, विनय सिंह, समीरन भट्ट, प्रतिसार निरीक्षक हरकेश सिंह सहित जनपद के समस्त थाना-चौकी एवं शाखा प्रभारी, प्रधान लिपिक, एकाउंटेंट, आशुलिपिक, पीआरओ और अन्य पुलिस अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

 

नए कप्तान के शुरुआती निर्देशों से साफ है कि नैनीताल पुलिस में अनुशासन, बेहतर समन्वय और जनहितकारी पुलिसिंग पर विशेष जोर रहेगा।

 

Ad Ad