कहानियों के मंचन से नन्हे-मुन्नों ने सीखी जीवन की बड़ी सीख, अनुराग अकादमी में स्टोरी एनेक्टमेंट एक्टिविटी का आयोजन…
हल्द्वानी। पीली कोठी रोड स्थित नीलकंठ विहार की अनुराग अकादमी में बच्चों के सर्वांगीण विकास और उनमें नैतिक मूल्यों का संचार करने के उद्देश्य से दो दिवसीय स्टोरी एनेक्टमेंट एक्टिविटी का आयोजन किया गया। इस रचनात्मक गतिविधि में नर्सरी, एलकेजी एवं यूकेजी के नन्हे-मुन्ने छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए विभिन्न कहानियों का मंचन किया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने ‘थर्स्टी क्रो’ (प्यासा कौआ), ‘ग्रीडी मंकी’ (लालची बंदर) सहित कई रोचक कहानियों को अपने अभिनय के माध्यम से जीवंत कर दिया। नन्हे कलाकारों ने अलग-अलग पात्रों की भूमिका निभाते हुए अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और अभिव्यक्ति कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। कहानियों के माध्यम से बच्चों को ईमानदारी, समझदारी, सहयोग, संतोष और नैतिकता जैसी महत्वपूर्ण जीवन शिक्षाएं भी दी गईं।
इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्य प्रकृति माथुर ने कहा कि बच्चों के व्यक्तित्व और चरित्र निर्माण की नींव बचपन में ही रखी जाती है। इस प्रकार की छोटी-छोटी रचनात्मक गतिविधियां बच्चों में आत्मविश्वास, कल्पनाशीलता और नैतिक मूल्यों का विकास करती हैं। साथ ही उन्हें भविष्य में एक जिम्मेदार और बेहतर नागरिक बनने के लिए प्रेरित करती हैं।
कार्यक्रम को सफल बनाने में भावना जोशी, मधुबाला सहित विद्यालय के शिक्षकों एवं स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा। इस आयोजन ने नन्हे-मुन्ने बच्चों को खेल-खेल में सीखने और अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का एक शानदार अवसर प्रदान किया।

