जन्मदिन पर विधायक मोहन सिंह बिष्ट को अनोखा तोहफा, 50 लोगों ने रक्तदान कर पेश की मानवता की मिसाल…
लालकुआं। विधायक मोहन सिंह बिष्ट के जन्मदिन को यादगार बनाने के लिए वंदे मातरम् ग्रुप की ओर से रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। जन्मदिन के जश्न को समाजसेवा से जोड़ते हुए आयोजित इस शिविर में 50 रक्तदाताओं ने स्वेच्छा से रक्तदान कर जरूरतमंदों की जिंदगी बचाने का संकल्प लिया।
शिविर में युवाओं के साथ ही क्षेत्र के स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की। रक्तदाताओं ने कहा कि रक्तदान केवल एक सामाजिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि किसी अनजान जरूरतमंद के जीवन को बचाने का माध्यम भी है। इसी भावना के साथ लोगों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया।
शिविर के आयोजक विकी पाठक ने कहा कि विधायक मोहन सिंह बिष्ट के जन्मदिन को समाजसेवा के रूप में मनाने की पहल की गई है। उनका उद्देश्य जन्मदिन के अवसर पर ऐसा कार्य करना था, जिसका लाभ सीधे जरूरतमंद लोगों तक पहुंच सके। रक्तदान के जरिए लोगों की मदद करने के साथ समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने का भी प्रयास किया गया।
वंदे मातरम् ग्रुप की ओर से कहा गया कि संगठन भविष्य में भी रक्तदान और अन्य सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों को निरंतर आगे बढ़ाता रहेगा। शिविर में रक्तदान करने वाले सभी 50 रक्तदाताओं, सहयोगियों और आयोजन को सफल बनाने में योगदान देने वाले लोगों का आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम में शैलेन्द्र सिंह दानू, सुमित मिश्रा, गणेश बिष्ट, रवि रावत, भूपेंद्र सिंह मेहरा समेत कई लोग मौजूद रहे।
जन्मदिन के अवसर पर आयोजित रक्तदान शिविर ने यह संदेश दिया कि खुशियां मनाने का सबसे बेहतर तरीका किसी जरूरतमंद के जीवन में उम्मीद की नई किरण जगाना भी हो सकता है।

