आंख, कान और मुंह पर पट्टी बांध युवाओं का अनोखा प्रदर्शन, एंटी ड्रग्स टास्क फोर्स गठन का आश्वासन…

0
IMG-20260226-WA0027
खबर शेयर करें -

 

 

 

लालकुआँ। लालकुआँ विधानसभा क्षेत्र में बढ़ते अवैध नशे के कारोबार के विरोध में मंगलवार को तहसील परिसर में युवाओं ने अनोखे अंदाज में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान युवाओं ने आंखों, कानों और मुंह पर पट्टी बांधकर पांच मिनट का मौन रखा। उनका कहना था कि यह प्रतीकात्मक विरोध क्षेत्र में फैल रहे अवैध कच्ची शराब, स्मैक, चरस और गांजा जैसे मादक पदार्थों के कारोबार तथा प्रशासनिक निष्क्रियता के खिलाफ है।

 

धरने के उपरांत राष्ट्रपति को संबोधित एक विस्तृत ज्ञापन उपजिलाधिकारी (एसडीएम) प्रमोद कुमार को सौंपा गया। ज्ञापन में मांग की गई कि क्षेत्र में विशेष एंटी-नारकोटिक्स अभियान चलाया जाए, संदिग्ध स्थानों पर नियमित औचक छापेमारी हो, नशे की सप्लाई चेन की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए तथा लापरवाही या मिलीभगत में पाए जाने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए।

यह भी पढ़ें:  UKPSC परीक्षाओं पर नैनीताल पुलिस का सख्त सुरक्षा कवच, 16 केंद्रों पर 7000 से ज्यादा अभ्यर्थियों के लिए हाईटेक निगरानी...

 

 

साथ ही शिकायतकर्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने, विद्यालयों व महाविद्यालयों में जागरूकता अभियान चलाने तथा युवाओं के लिए पुनर्वास और परामर्श सुविधाएं सुदृढ़ करने की मांग भी रखी गई।

 

कार्यक्रम की जानकारी देते हुए क्षेत्रीय विकास संघर्ष समिति के संयोजक पीयूष जोशी ने कहा कि यह आंदोलन “एक युद्ध – नशे के विरुद्ध” अभियान की शुरुआत है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण और कानूनसम्मत रहेगा, लेकिन यदि एक सप्ताह के भीतर ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो चरणबद्ध आंदोलन, पदयात्राएं और जनजागरण अभियान चलाए जाएंगे।

यह भी पढ़ें:  महिला से अभद्रता और सोशल मीडिया पर धमकी देना पड़ा भारी, हल्द्वानी पुलिस ने आरोपी को दबोचा...

 

पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ भाजपा नेता नवीन दुमका ने प्रदर्शन को समर्थन देते हुए कहा कि नशे के विरुद्ध उठ रही जनभावनाओं को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। उन्होंने आश्वासन दिया कि आवश्यकता पड़ने पर वे स्वयं संबंधित अधिकारियों से वार्ता कर समाधान की दिशा में प्रयास करेंगे।

 

पूर्व ब्लॉक प्रमुख संध्या डालाकोटी ने कहा कि नशे की बढ़ती प्रवृत्ति समाज की जड़ों को कमजोर कर रही है और इसे रोकने के लिए नियमित छापेमारी आवश्यक है। सामाजिक कार्यकर्ता दीपक पांडे ने इसे आने वाली पीढ़ियों के भविष्य से जुड़ा मुद्दा बताया।

 

उपजिलाधिकारी प्रमोद कुमार ने प्रदर्शनकारियों को आश्वस्त किया कि अवैध नशे के कारोबार को किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि शीघ्र ही क्षेत्र में एंटी ड्रग्स एवं अवैध शराब के विरुद्ध विशेष टास्क फोर्स गठित कर अभियान चलाया जाएगा। साथ ही किसी भी अधिकारी या कर्मचारी की संलिप्तता पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें:  महिला से अभद्रता और सोशल मीडिया पर धमकी देना पड़ा भारी, हल्द्वानी पुलिस ने आरोपी को दबोचा...

 

कार्यक्रम का संचालन व्यापार मंडल अध्यक्ष संदीप पांडे ने किया। इस दौरान विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक और छात्र संगठनों से जुड़े अनेक लोग उपस्थित रहे।

 

प्रदर्शन के बाद क्षेत्र में इस मुद्दे को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं और अब सभी की नजर प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी है।

Ad Ad Ad

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *