हर-हर महादेव के जयघोष के बीच खुले श्री केदारनाथ धाम के कपाट, भक्ति और दिव्यता से गूंजा पूरा धाम…

उत्तराखंड के पवित्र हिमालयी क्षेत्र में स्थित श्री केदारनाथ धाम के कपाट आज विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। प्रातः 8 बजे शुभ मुहूर्त में जैसे ही मंदिर के द्वार खुले, पूरा धाम “हर-हर महादेव” और “जय श्री केदार” के जयघोष से गूंज उठा। इस पावन अवसर पर पहली पूजा देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से संपन्न की गई।
कपाटोद्घाटन के इस दिव्य क्षण के साक्षी बने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बाबा केदार के दर्शन कर देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं शांति की कामना की। सिख रेजीमेंट के बैंड की भक्तिमय धुनों ने इस आध्यात्मिक माहौल को और भी अलौकिक बना दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केदारनाथ धाम न केवल सनातन धर्म की आस्था का केंद्र है, बल्कि भारत की समृद्ध सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत का प्रतीक भी है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस वर्ष की चारधाम यात्रा नए कीर्तिमान स्थापित करेगी। साथ ही राज्य सरकार द्वारा यात्रा को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
इससे पहले भगवान केदारनाथ की पंचमुखी उत्सव डोली शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर से गुप्तकाशी, फाटा और गौरीकुंड होते हुए धाम पहुंची। सुबह 5 बजे से कपाट खोलने की प्रक्रिया शुरू हुई, जिसके बाद रावल भीमाशंकर लिंग और अन्य धर्माचार्यों ने गर्भगृह में विधिवत पूजा-अर्चना कर ठीक 8 बजे मंदिर के द्वार खोल दिए।
इस अवसर पर मंदिर को 51 क्विंटल से अधिक फूलों से भव्य रूप से सजाया गया था। कपाट खुलते ही हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की गई, जिससे श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे।
कपाटोद्घाटन समारोह में कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरे क्षेत्र में भक्ति, आस्था और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला।
